Reliance-Sosyo Hajoori Deal : रिलायंस इंडस्ट्रीज, जो कि मार्केट कैपिटल के लिहाज से देश की सबसे बड़ी कंपनी है, एक के बाद एक छोटी कंपनियों को खरीद रही है। कंपनी अलग-अलग सेक्टरों और प्रोडक्ट में अपने पोर्टफोलियो को मजबूत कर रही है। इसी कड़ी में कंपनी ने अपने बेवरेज पोर्टफोलियो को मजबूत करने के लिए हाल ही में कैम्पा ब्रांड को खरीदा था और अब इसी सेक्टर की एक और कंपनी में 50 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी है। किससे हुई है यह डील आगे जानिए इसकी पूरी डिटेल।
रिलायंस रिटेल वेंचर्स की एफएमसीजी यूनिट है रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (आरसीपीएल)। इसने 3 जनवरी को ऐलान की कि कंपनी गुजरात स्थित सोस्यो हजूरी बेवरेजेज प्राइवेट लिमिटेड में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदेगी। दोनों कंपनियां (रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स और सोस्यो हजूरी) इसके लिए मिलकर एक जॉइंट वेंचर बनाएंगी। इस डील पर एक बयान जारी कर दिया गया है।
100 साल पुरानी कंपनी
सोस्यो हजूरी 100 साल पुरानी कंपनी है। इसे 1923 में अब्बास अब्दुलरहीम हजूर ने स्थापित किया था। सोस्यो, कई कार्बोनेटेड सॉफ्ट ड्रिंक्स (सीएसडी) और जूस तैयार करती है। एक शताब्दी पुरानी इस फर्म का गुजरात में एक दमदार ग्राहक आधार है। इसके पोर्टफोलियो में कुछ लोकप्रिय ब्रांड शामिल है। इनमें सोस्यो, कश्मीरा, लेमी, जिनलिम, रनर, ओपनर, हजूरी सोडा और एस'ओउ शामिल हैं।
इस समय सोस्यो हजूरी कंपनी को अब्बास हजूरी और उनके बेटे अलीअसगर हजूरी संभाल रहे हैं। प्रेस रिलीज के अनुसार सोस्यो हजूरी का मौजूदा प्रमोटर हजूरी परिवार है और ये बाकी 50 फीसदी हिस्सेदारी के मालिक रहेंगे। आरसीपीएल के साथ जॉइंट वेंचर से रिलायंस की जानकारी, डिस्ट्रिब्यूशन और रिटेल नेटवर्क का लाभ उठाकर सोस्यो के ब्रांड्स के ग्रोथ में तेजी आने की उम्मीद है।
अब्बास हजूरी ने कहा कि रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के साथ हुई इस साझेदारी से हम खुश हैं। उनके अनुसार ये साझेदारी कंपनी को एक मजबूत और तेजी से अपनी पहुंच बढ़ाने में मदद कर सकती है। वे रिलायंस के साथ मिलकर भारत में सभी कंज्यूमर्स के लिए सोस्यो के अनूठे स्वाद वाले पेय उत्पादों को पहुंचाना चाहते हैं। इस डील से आरसीपीएल को अपने बेवरेज पोर्टफोलियो का विस्तार करने में भी मदद मिलेगी। अगस्त में, रिलायंस रिटेल वेंचर्स ने दिल्ली के प्योर ड्रिंक्स ग्रुप से घरेलू शीतल पेय ब्रांड कैंपा को खरीद लिया था।
रिलायंस रिटेल वेंचर्स की कार्यकारी निदेशक हैं ईशा अंबानी। उन्होंने इस डील पर एक बयान जारी किया है। ईशा ने कहा कि सोस्यो में निवेश लोकल ब्रांड्स को सशक्त बनाने और उन्हें ग्रोथ के नए अवसर पेश करने के हमारे नजरिए को आगे बढ़ाने में मदद करता है। उन्होंने यह भी कहा कि हम अपने कंज्यूमर ब्रांड पोर्टफोलियो में एक सदी पुराने सोस्यो के पेय ब्रांड्स की पावर का स्वागत करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया है कि रिलायंस की जानकारी, कंज्यूमर इनसाइट्स और रिटेल डिस्ट्रिब्यूशन स्ट्रेंथ्स सोस्यो की ग्रोथ की गति को तेज करने में मदद करेगी। बता दें कि इससे पहले रिलायंस ने कई और क्षेत्रों की छोटी कंपनियों को भी खरीदा है।
More Articles
- GST QRMP स्कीम: PMT-06 पेमेंट में 35% चालान चुनें या सेल्फ-असेसमेंट? ब्याज से बचने का पूरा गणित
- ITR फाइलिंग की डेडलाइन: 31 जुलाई से पहले निपटा लें ये जरूरी काम, वरना होगा नुकसान
- चेन्नई रेल अपडेट: आज रात कई ट्रेनें रद्द, सफर से पहले चेक करें अपना रूट और टाइमिंग
- आज खुले 3 बड़े IPO: Indo-MIM, Xtranet और Lohia Corp में निवेश का मौका, जानें क्या है सही रणनीति
- Russia ने 6 महीने में बेच दिया 44 टन सोना! रूस क्यों घटा रहा है अपना Gold Reserve?
- मुंबई बारिश अलर्ट: बैंकिंग ठप होने पर पैसे की किल्लत से कैसे बचें? जानें स्मार्ट तरीके