काफी समय से चल रहे अमेरिका और चीन का विवाद खत्‍म होने की कगार पर है। इस पर अमेरिकी राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप ने संकेत भी दिया है। जी हां अमेरिका के राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप ने कहा कि वह चीन के साथ बहुप्रतीक्षित व्यापार समझौते के पहले चरण पर आयोवा में हस्ताक्षर करने पर विचार कर रहे हैं। ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग चिली के सैन टिआगो में नवंबर के मध्य में होने वाले एशिया प्रशांत आर्थिक तालमेल सम्मेलन में यह समझौता करने वाले थे। लेकिन चिली ने वहां जारी वृहद विरोध प्रदर्शनों के मद्देनजर सम्मेलन का आयोजन रद्द कर दिया।

Advertisement

इस बारे में डोनाल्‍ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में संवाददाताओं से कहा है कि हम चीन के साथ समझौते की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। चीन समझौता करना चाहता है और हमारे अच्छे संबंध हैं। हम देखेंगे कि क्या होता है। जब तक समझौता नहीं हो जाता है, मैं इसके बारे में बातचीत नहीं करना चाहता हूं, लेकिन हम काफी प्रगति कर रहे हैं। उनसे अमेरिका-चीन व्यापार समझौते की स्थिति को लेकर सवाल किया गया था। उन्होंने कहा, हम कुछ अलग स्थानों के बारे में विचार कर रहे हैं। यह आयोवा भी हो सकता है, हम स्‍थान के बारे में चर्चा कर रहे हैं, लेकिन पहले समझौता करना चाहते हैं।

Advertisement

आपको बता दें कि इससे पहले ट्रम्प के आर्थिक सलाहकार लैरी कुडलो ने कहा कि चीन के साथ व्यापार वार्ता काफी अच्छी चल रही है। कुडलो के अनुसार, कृषि के मुद्दे पर बातचीत पूरी हो चुकी है। यह न सिर्फ चीन द्वारा अमेरिका के कृषि उत्पादों की खरीद बढ़ाएगा बल्कि चीन के कृषि बाजार को खोलेगा और नियमन एवं शुल्क आदि को कम करेगा। इसके साथ ही वित्तीय मुद्दों पर भी बातचीत लगभग हो चुकी है।

Advertisement

इसके कारण अमेरिका की कंपनियों को चीन में 100 प्रतिशत मालिकाना अधिकार मिलेगा। मुद्रा को लेकर भी बातचीत हुई है। बौद्धिक संपदा की चोरी को लेकर अच्छी प्रगति हुई है। यह अभी पूरा नहीं हुआ है लेकिन इसमें अच्छी प्रगति हुई है। प्रौद्योगिकी हस्तांतरण पर भी कुछ प्रगति हुई है, लेकिन बातचीत पूरी तरह से नहीं हुई है। इसे दूसरे चरण में सामने रखा जा सकता है।