नई दिल्ली: इस फेस्टिव सीजन एक लाख से अधिक किराना और स्थानीय दुकानदारों को काम मिलेगा। जी हां ई-कॉमर्स क्षेत्र की प्रमुख कंपनी अमेजन इंडिया के इस साल के त्योहारी सेल से एक लाख से अधिक स्थानीय दुकानें, किराना स्टोर व गली-मोहल्ले के स्टोर जुड़ने वाले हैं। इस बात की जानकारी कंपनी ने रविवार को दी।
अमेजन ने कहा कि इन दुकानों को विभिन्न मुहिमों के जरिए जोड़ा जायेगा। 20 हजार से अधिक ऑफलाइन रिटेलर, किराना और स्थानीय दुकानदार पहली बार ग्रेट इंडियन फेस्टिवल में भाग लेंगे। ये रोजमर्रा के सामान, बड़े उपकरणों और घर की सजावट के सामानों की बिक्री करेंगे।
बता दें कि कंपनी ने कहा कि इस फॉर्मेट के जरिये दुकान मालिक डिजिटल मौजूदगी दर्ज कर सकेंगे और अपनी पहुंच का विस्तार कर सकेंगे। इससे ग्राहकों को अपने शहरों में स्थानीय स्टोर से खरीदारी करने की सुविधा मिलेगी। यह कार्यक्रम इस साल अप्रैल में शुरू किया गया था। अब तक इस कार्यक्रम से 400 शहरों के 20,000 से अधिक रिटेलर जुड़ चुके हैं। इनमें मेरठ, लुधियाना, सहारनपुर, सूरत, इंदौर, एर्नाकुलम और कांचीपुरम आदि शहर शामिल हैं। इसमें 40 फीसदी से अधिक विक्रेता शीर्ष 10 शहरों के बाहर के हैं।
अमेजन इंडिया ने अमेजन ईजी स्टोर्स, आई हैव स्पेस और अमेजन पे स्मार्ट स्टोर नाम से अन्य कार्यक्रम भी शुरू किया है। अमेजन इंडिया के वाइस प्रेसिडेंट ने कहा कि इस त्योहारी सीजन में, हम अपने विक्रेताओं व अन्य एमएसएमई भागीदारों को उनके कारोबार को बढ़ाने और हाल की चुनौतियों से उबरने में मदद करने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। वहीं उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीनों में हमने सभी आकार के व्यवसायों को तेजी से टेक्नोलॉजी को अपनाते हुए देखा है। हाल ही में प्रतिस्पर्धी ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट ने कहा था कि उसने आगामी त्योहारी सत्र से पहले अपनी आपूर्ति श्रृंखला और डिलिवरी क्षमता को मजबूत करने के लिये 50 हजार किराना दुकानों को अपने साथ जोड़ा है। इस नए कदम से वह 850 से अधिक शहरों में ग्राहकों को डिलीवरी करने में सक्षम हो गयी है।
फ्लिपकार्ट की बिग बिलियन डेज सेल 16 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक चलने वाली है। कंपनी का कहना है कि इस सेल से इस बार 70,000 नए रोजगार के अवसर पैदा होंगे, जबकि इस खास आयोजन के चलते लाखों अन्य अस्थायी अवसर भी सामने आएंगे। वहीं स्नैपडील ने फेस्टिव सीजन में तीन सेल लाने का एलान किया है, जिसमें से पहली अक्टूबर मध्य में आएगी। बाकी की दो सेल अक्टूबर आखिर और नवंबर की शुरुआत में आएंगी। अमेजन की ग्रेट इंडियन फेस्टिवल सेल की तारीख की घोषणा अभी नहीं हुई है। हर साल दशहरा व दिवाली के आस-पास फेस्टिव सेल से ई-कॉमर्स कपंनियों को बड़ा कारोबार होता है। वहीं एक रिपोर्ट में अनुमान जताया गया है कि इस साल की फेस्टिव सेल में बिक्री डबल हो सकती है और ग्रॉस मर्चेंडाइज वैल्यू 7 अरब डॉलर के आंकड़े को छू सकती है। पिछले साल यह 3.8 अरब डॉलर रही थी।
More Articles
- भारी बारिश का अलर्ट: बाढ़ में डूबी कार को स्टार्ट न करें, क्लेम पाने का सही तरीका जानें
- Manipal Health IPO: ₹9,275 करोड़ का बड़ा दांव, क्या आपको अप्लाई करना चाहिए?
- ITR फाइल करने का आज आखिरी मौका: क्या आज के बाद लगेगा जुर्माना? जानें बचने का तरीका
- US Fed का फैसला आज रात: क्या भारतीय बाजार में आएगी बड़ी हलचल? जानें ट्रेडर्स के लिए खास रणनीति
- GST QRMP स्कीम: PMT-06 पेमेंट में 35% चालान चुनें या सेल्फ-असेसमेंट? ब्याज से बचने का पूरा गणित
- ITR फाइलिंग की डेडलाइन: 31 जुलाई से पहले निपटा लें ये जरूरी काम, वरना होगा नुकसान