Aishwarya Rai Bachchan Net Worth: आज बॉलीवुड की सबसे चर्चित और खूबसूरत एक्ट्रेसेस में से एक ऐश्वर्या राय बच्चन अपना 52वां जन्मदिन मना रही हैं। उन्होंने अपनी अदाओं, स्टाइल और शानदार एक्टिंग से दुनियाभर में लोगों को दीवाना बनाया है। ऐश्वर्या का सफर कभी आसान नहीं था, लेकिन उन्होंने हर मुश्किल का सामना मुस्कुराते हुए किया और खुद को एक ग्लोबल आइकन के रूप में स्थापित किया।

Advertisement

मंगलुरु से मुंबई तक का सफर

ऐश्वर्या राय का जन्म 1 नवंबर 1973 को मंगलुरु, कर्नाटक में हुआ था। उनके पिता कृष्णराज राय मरीन इंजीनियर थे और मां वृषा राय लेखिका थीं। कुछ समय बाद उनका परिवार मुंबई शिफ्ट हो गया, जहां उन्होंने अपनी पढ़ाई पूरी की। बचपन से ही ऐश्वर्या पढ़ाई में होशियार थीं और डॉक्टर बनना चाहती थीं, लेकिन बाद में उन्होंने आर्किटेक्चर की पढ़ाई शुरू की। इसी दौरान उनका रुझान मॉडलिंग की दुनिया की तरफ हुआ और वहीं से उनकी किस्मत ने करवट ली।

Advertisement

मिस इंडिया से मिस वर्ल्ड तक का सफर

कॉलेज के दिनों में ऐश्वर्या ने विज्ञापनों में काम करना शुरू किया था। उनकी पहली मॉडलिंग गिग कैमलिन पेंसिल के विज्ञापन से हुई थी। धीरे-धीरे उन्होंने कई बड़े ब्रांड्स के लिए काम किया और फिर साल 1994 में मिस इंडिया प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। हालांकि इस कॉन्टेस्ट में वह सुष्मिता सेन से हार गईं, लेकिन इसी साल उन्होंने मिस वर्ल्ड 1994 का खिताब जीतकर पूरी दुनिया में भारत का नाम रोशन किया।

Advertisement

कम ही लोग जानते हैं कि मिस इंडिया में भाग लेने के लिए ऐश्वर्या ने उस समय की चार बड़ी फिल्में ठुकरा दी थीं, जिनमें 'राजा हिंदुस्तानी' भी शामिल थी।

फिल्मों में उतार-चढ़ाव भरा करियर

मिस वर्ल्ड का ताज जीतने के बाद ऐश्वर्या ने फिल्मी दुनिया में कदम रखा। उनकी पहली फिल्म 'इरुवर' (1997) थी, जो बॉक्स ऑफिस पर नहीं चली। उसी साल उन्होंने बॉलीवुड में डेब्यू किया फिल्म 'और प्यार हो गया' से, लेकिन शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही।

Advertisement

1999 में आई 'हम दिल दे चुके सनम' ने उनका करियर बदल दिया। इसके बाद 'ताल', 'देवदास', 'गुरु', 'धूम 2' जैसी हिट फिल्मों से ऐश्वर्या ने खुद को टॉप एक्ट्रेस के रूप में स्थापित किया।

ग्लोबल लेवल पर बनाई पहचान

'देवदास' के बाद ऐश्वर्या की पहचान सिर्फ भारत तक सीमित नहीं रही। उन्होंने 'ब्राइड एंड प्रेजुडिस', 'द लास्ट लीजन' और 'द पिंक पैंथर 2' जैसी हॉलीवुड फिल्मों में काम कर इंटरनेशनल लेवल पर अपनी एक्टिंग का जलवा बिखेरा। वह कान्स फिल्म फेस्टिवल में भारत का चेहरा बन चुकी हैं और कई बार वहां अपने स्टाइल से सबका ध्यान खींच चुकी हैं।

Advertisement

पर्सनल लाइफ और नेटवर्थ

साल 2007 में ऐश्वर्या ने अभिनेता अभिषेक बच्चन से शादी की और अब वे एक बेटी आराध्या बच्चन की मां हैं। शादी के बाद उन्होंने फिल्मों से थोड़ी दूरी बनाई, लेकिन विज्ञापनों और ब्रांड एंडोर्समेंट्स से आज भी उनकी कमाई करोड़ों में होती है।

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, ऐश्वर्या की नेटवर्थ करीब ₹900 करोड़ है और वह भारत की सबसे अमीर अभिनेत्रियों में से एक हैं।