नयी दिल्ली। गैस सिलेंडर आज के समय की बहुत बड़ी जरूरत है। पिछले कुछ सालों में एलपीजी की खपत में बहुत ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज की गई है। स्थिति ये है कि बहुत से परिवार ऐसे होते हैं जिनका एक सिलेंडर से काम नहीं चल पाता। वहीं अगर मौका शादी जैसे किसी विशेष अवसर का हो तो कई सिलेंडर चाहिए होते हैं। इतने सिलेंडरों का इंतजाम करना अपने आप में एक चुनौती होती है। अगर आप भी ऐसी ही समस्या से दो-चार हुए हैं तो आगे से आपको परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। असल में अब एक स्पेशल जंबो सिलेंडर पेश किया गया है। आइए जानते हैं इस नये सिलेंडर की डिटेल।
बड़े अवसरों को ध्यान में रखते हुए सरकारी कंपनी इंडियन ऑयल ने जंबो सिलेंडर की शुरुआत की है। इसकी खासियत ये है कि ऐसे एक सिलेंडर से ही सैकड़ों नहीं बल्कि हजारों लोगों के लिए भोजन पकाया जा सकता है। यानी शादी-ब्याह के मौके पर केवल एक जंबो सिलेंडर ही पूरी बारात और बारातियों के लिए काफी होगा। अगर आपके फंक्शन में कुछ सौ लोग हैं तो एक पूरे सिलेंडर की भी खपत नहीं होगी।
सबसे छोटा सिलेंडर 5 किलो का होता है। वहीं आम तौर पर घरों में 14 किलो वाला सिलेंडर इस्तेमाल होता है। इससे बड़े सिलेंडरों की बात करें 19 और 47.5 किलो के सिलेंडर भी उपलब्ध होते हैं। मगर इंडियन ऑयल की तरफ से पेश किया गया नया जंबो सिलेंडर पूरे 425 किलो का है। वैसे तो इस सिलेंडर की शुरुआत 3 साल पहले 2017 में ही हो गई थी। पर तब इसे सिर्फ उद्योगों के लिए शुरू किया गया था। अब इसे आम लोगों को भी डिलिवर किया जाएगा।
425 किलो के वजन वाले एक ही सिलेंडर से हजारों लोगों का खाना तैयार किया जा सकता है। शादी के अलावा भंडारे जैसे कार्यक्रम पर भी ये खूब काम आएगा। हालांकि फिलहाल इस सिलेंडर की शुरुआत कानपुर में की गई है। मगर बहुत जल्द इसे दूसरे शहरों में भी डिलिवर किया जाएगा। ये सिलेंडर की सबसे खास बात है ढेर सारे सिलेंडर इकट्ठे करने की बजाय ये अकेला सिलेंडर आपके फंक्शन के लिए काफी होगा।
गौरतलब है कि समीक्षा के बाद हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी गैस सिलेंडर के नये दाम घोषित किए जाते हैं। दिसंबर महीने के लिए नये दाम 1 दिसंबर यानी मंगलवार को घोषित किए गए थे। 1 दिसंबर 2020 से 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में एक साथ 55 से 56 रु तक का इजाफा किया गया है। चेन्नई में 19 किलोग्राम वाले गैस सिलेंडर के दाम 56 रुपये बढ़े हैं। चेन्नई अब ये सिलेंडर 1410 रुपये, दिल्ली में 1296 रुपये, कोलकाता में 1351 रुपये और मुंबई में 1244 रुपये का मिलेगा। चेन्नई के अलावा बाकी तीनों शहरों में 19 किलो वाले सिलेंडर के दाम 55 रु बढ़े हैं।
14.2 किलो वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। दिल्ली में इस सिलेंडर के दाम 594 रुपये, मुंबई में भी 594 रुपये, चेन्नई में 610 रुपये और कोलकाता में 620 रुपये बरकरार रहेंगे।
More Articles
- Nifty 25,000 की ओर या आएगा Correction? Banking, NBFC और IT Sector पर Expert की बड़ी राय
- भारी बारिश का अलर्ट: बाढ़ में डूबी कार को स्टार्ट न करें, क्लेम पाने का सही तरीका जानें
- Manipal Health IPO: ₹9,275 करोड़ का बड़ा दांव, क्या आपको अप्लाई करना चाहिए?
- ITR फाइल करने का आज आखिरी मौका: क्या आज के बाद लगेगा जुर्माना? जानें बचने का तरीका
- US Fed का फैसला आज रात: क्या भारतीय बाजार में आएगी बड़ी हलचल? जानें ट्रेडर्स के लिए खास रणनीति
- GST QRMP स्कीम: PMT-06 पेमेंट में 35% चालान चुनें या सेल्फ-असेसमेंट? ब्याज से बचने का पूरा गणित