नई द‍िल्‍ली: ऑटो सेक्टर में नरमी का दौर जारी है। जी हां देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी वाहन बनाने वाली मारुति सुजुकी इंडिया ने सुस्त डिमांड को देखते हुए सितंबर में अपना उत्पादन 17.48 फीसदी घटा दिया है। यह लगातार आठवां महीना है जब कार बनाने वाली देश की सबसे बड़ी कंपनी ने अपना उत्पादन कम किया है। अगस्त महीने में कंपनी ने उत्पादन 33.99 फीसदी कम किया था।

Advertisement

सितंबर महीने में 1,32,199 इकाइयों का उत्पादन

मारुति सुजुकी इंडिया (एमएसआई) ने शेयर बाजारों को दी सूचना में कहा कि कंपनी ने सितंबर महीने में 1,32,199 इकाइयों का उत्पादन किया। जबकि, एक साल पहले इसी महीने में यह संख्या 1,60,219 इकाई थी। हालांकि अगस्त की तुलना में उत्पादन सुधरा है। कंपनी ने उस दौरान 1,11,370 वाहनों का उत्पादन किया था। पिछले महीने यात्री वाहनों का उत्पादन सालाना आधार पर 17.37 फीसदी घटकर 1,30,264 इकाई रहा। जबकि, सितंबर 2018 में यह संख्या 1,57,659 इकाई थी।

Advertisement

मंदी का असर: छोटी कारें भी कम बनी

वहीं कंपनी की आल्टो, न्यू वैगनआर, सिलेरियो, इगनिस, स्विफ्ट, बालेनो और डिजायर समेत छोटी एवं काम्पैक्ट खंड की कारों का उत्पादन सितंबर महीने में 98,337 इकाई रहा, जो पिछले साल इसी महीने में 1,15,576 इकाई था। इसी तरह से विटारा ब्रेजा, एर्टिंगा और एस-क्रॉस जैसे यूटिलिटी वाहनों का उत्पादन 17.05 फीसदी घटकर इस साल सितंबर में 18,435 इकाई रहा। जबकि, पिछले साल इसी महीने में 22,226 इकाइयों का उत्पादन हुआ था।

Advertisement

गिरा टाटा मोटर्स का उत्पादन

दूसरी तरफ अन्‍य कंपनियों पर भी दबाव बना रहा। टाटा मोटर्स के यात्री वाहनों का उत्पादन भी इस साल सितंबर में 63 फीसदी घटकर 6,976 इकाई रहा जो पिछले साल इसी महीने 18,855 इकाई था। मारुति सुजुकी, हुंडई, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा मोटर्स, टोयोटा और होंडा समेत सभी बड़ी वाहन कंपनियों की घरेलू बिक्री में दहाई अंक में गिरावट दर्ज की गयी। त्योहार शुरू होने के बावजूद वाहनों की मांग सुस्त है। सितंबर महीने में ऑटो कंपनियों के बिक्री का डाटा भी उम्मीद से कमजोर रहा है।