नई दिल्ली: प्याज की कीमतें बीते दो हफ्तों में तेजी से बढ़ रही है, अब टमाटर की बारी आई। टमाटर की कीमतों में पिछले एक हफ्ते में 70 फीसदी का इजाफा हो गया है। प्याज फिलहाल देश भर में 60 से 80 रुपए के किलो के बीच बिक रहा है। वहीं टमाटर भी अब 40 से 60 रुपये के बीच बिकने लगा है। टमाटर के लाल होने से इस त्योहारी सीजन में लोग परेशान हैं। महाराष्ट्र और कर्नाटक समेत दक्षिण भारत के राज्यों में हुई भारी बारिश के कारण प्याज की सप्लाई बाधित होने से इसकी कीमतों में बीते दिनों भारी इजाफा हुआ, लेकिन अब इसका असर टमाटर पर भी दिखने लगा है।
बता दें कि दिल्ली-एनसीआर में टमाटर बीते कुछ दिनों से खुदरा में 40-60 रुपए बिकने लगा है और आने वाले दिनों में कीमतों में और इजाफा होने की संभावना जताई जा रही है। दिल्ली ही नहीं, पूरे देश में टमाटर की कीमतों में भारी वृद्धि हुई है। केंद्रीय उपभोक्ता मामले विभाग की वेबसाइट के अनुसार, चंडीगढ़ में बुधवार को प्याज का भाव 52 रुपए किलो था। दिल्ली की आजादपुर मंडी में गुरुवार को औसत से अच्छी वेरायटी के टमाटर का 25 किलो का पैकेट 800 रुपए से ऊपर के भाव बिक रहा था। वहीं, औसत से नीचे की वेरायटी का टमाटर 500 रुपए प्रति पैकेट था।
जानकारी दें कि आजाद कृषि उत्पादन मार्केट कमिटी (एपीएमसी) की कीमत सूची के अनुसार, दो दिन पहले बुधवार को टमाटर का थोक भाव आठ रुपए से लेकर 34 रुपए प्रति किलो था और आवक 560.3 टन थी, जबकि एक सप्ताह पहले 19 सितंबर को दिल्ली में एपीएमसी के रेट के अनुसार, टमाटर का थोक भाव 4.50-20 रुपए प्रति किलो था, जबकि आवक 1,700 टन थी। वहीं एपीएमसी के एक अधिकारी का कहना है कि महाराष्ट्र और कर्नाटक में भारी बारिश होने और बाढ़ आने से खेतों में पानी भरा हुआ है, जिससे टमाटर की आवक घटकर एक तिहाई से भी कम रह गई है। वहीं आजादपुर मंडी के कारोबारी और टमाटर ट्रेडर्स एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी ने कहा कि टमाटर की आवक में फिलहाल सुधार की उम्मीद नहीं है, इसलिए आने वाले दिनों में टमाटर के दाम और इजाफा हो सकता है।
इतना ही नहीं कारोबारियों के अनुसार टमाटर की कीमतों में यह उतार चढ़ाव अभी 15 दिन तक रहने के आसार हैं। बरसात की वजह से पुरानी फसल चौपट हो गई। साथ ही नई फसल की बुवाई भी रुक गई है। प्याज और टमाटर के अलावा लहसुन की कीमत दो सौ रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई है। इनमें राजस्थान से आने वाला लहसुन महंगा है।
More Articles
- भारी बारिश का अलर्ट: बाढ़ में डूबी कार को स्टार्ट न करें, क्लेम पाने का सही तरीका जानें
- Manipal Health IPO: ₹9,275 करोड़ का बड़ा दांव, क्या आपको अप्लाई करना चाहिए?
- ITR फाइल करने का आज आखिरी मौका: क्या आज के बाद लगेगा जुर्माना? जानें बचने का तरीका
- US Fed का फैसला आज रात: क्या भारतीय बाजार में आएगी बड़ी हलचल? जानें ट्रेडर्स के लिए खास रणनीति
- GST QRMP स्कीम: PMT-06 पेमेंट में 35% चालान चुनें या सेल्फ-असेसमेंट? ब्याज से बचने का पूरा गणित
- ITR फाइलिंग की डेडलाइन: 31 जुलाई से पहले निपटा लें ये जरूरी काम, वरना होगा नुकसान