मारुति सुजुकी के लिए यह साल कुछ खास नहीं रहेगा, घाटे को देखकर तो ऐसा ही लग रहा है। मारुति सुजकी कुछ समय पहले ही अपने हजारों कर्मचारियों को नौकरी से निकाल चुकी है। अब कंपनी में कारों की बिक्री को लेकर बड़ी खबर आयी है।

Advertisement

मारुति सुजुकी इंडिया की बिक्री अगस्त महीने में 32.7 प्रतिशत घटकर 1,06,413 वाहन रह गए। इससे पिछले वर्ष के समान महीने में कंपनी की बिक्री 1,58,189 इकाई रही थी। कंपनी ने बयान में कहा कि अगस्‍त में उसके घरेलू बाजार में बिक्री 34.3 प्रतिशत घटकर 97,061 इकाई रह गई, जो अगस्त, 2018 में 1,47,700 इकाई थी।

Advertisement

कंपनी की मिनी कारों अल्टो और वैगन आर की बिक्री इस दौरान 71.8 प्रतिशत घटकर 10,123 वाहन रह गई। एक साल पहले समान महीने में यह आंकड़ा 35,895 इकाई का था। इसी तरह कॉम्पैक्ट वाहन खंड में कंपनी की बिक्री 23.9 प्रतिशत घटकर 54,274 इकाई रह गई, जो अगस्त, 2018 में 71,370 इकाई रही। इस खंड में स्विफ्ट, सेलेरियो, इग्निस, बलेनो और डिज़ाइर गाड़ियां आती हैं।

Advertisement

बता दें कि कंपनी की मध्यम आकार की कार सियाज की बिक्री भी भारी गिरावट के साथ 1,596 इकाई पर आ गई। पिछले साल इसी महीने में इसकी बिक्री 7,002 इकाई रही थी। हालांकि, समीक्षाधीन अवधि में कंपनी के यूटिलिटी वाहनों विटारा ब्रेजा, एस क्रॉस और अर्टिगा की बिक्री 3.1 प्रतिशत बढ़कर 18,522 इकाई पर पहुंच गई, जो एक साल पहले समान महीने में 17,971 इकाई थी। अगस्त में कंपनी का निर्यात 10.8 प्रतिशत घटकर 9,352 इकाई रह गया, जो एक साल पहले समान महीने में 10,489 इकाई था।

Advertisement

इसकी सबसे बड़ी वजह ऑटो सेक्‍टर में मंदी है। आपको बता दें कि इस समय पूरी दुनिया की अर्थव्‍यवस्‍था डगमगायी हुई है। आर्थिक विशेषज्ञों का कहना है जल्‍द ही कई देशों में रिसेशन आ चुका है। इसका असर अपने देश पर भी पड़ सकता है।