नई द‍िल्‍ली: पंजाब नेशनल बैंक और इलाहाबाद बैंक ने मंगलवार को अपने रिटेल लोन को रिजर्व बैंक के रेपो रेट से जोड़ने की घोषणा की। इससे इन बैंकों का कर्ज सस्ता हो सकता है। पंजाब नेशनल बैंक ने रेपो रेट से लिंक्ड रिटेल लेंडिंग स्कीम पीएनबी एडवांटेज पेश की है। जानकारी दें कि यह मंगलवार से ही अमल में आ गई है।

Advertisement

हालांकि बैंक ने बयान में कहा कि नई स्कीम में ब्याज दर, मार्जिनल कॉस्ट ऑफ फंड बेस्ड लेंडिंग रेट्स (एमसीएलआर) पर आधारित मौजूदा ब्याज दर की तुलना में 0.25 प्रतिशत कम होगी। होम लोन के लिए नई दरें 8.25 प्रतिशत से 8.35 प्रतिशत के बीच होंगी। जबकि कार लोन के लिए कर्ज की दर 8.65 प्रतिशत होगी। पीएनबी ने यह भी कहा कि मौजूदा ग्राहक मामूली शुल्क देकर रेपो लिंक्ड ब्याज दर (आरएलएलआर) का विकल्प चुन सकेंगे।

Advertisement

जानें कि इलाहाबाद बैंक ने क्या किया है एलान

वहीं, इलाहाबाद बैंक ने कहा कि उसने 75 लाख रुपये तक के कर्ज को एक्सटर्नल बेंचमार्क लिंक्ड रेट्स (ईबीएलआर) के साथ जोड़ा है। इनमें से एक रेपो रेट भी है। इलाहाबाद बैंक ने शेयर बाजार को बताया कि बैंक ने एक सितंबर 2019 से स्वीकृत होने वाले मुद्रा लोन और 75 लाख रुपये तक के होम लोन की ब्याज दर को ईबीएलआर से जोड़ने का फैसला किया है। ऐसा इसलिए ताकि आरबीआई द्वारा पॉलिसी रेट में बदलाव का कस्टमर को जल्द से जल्द फायदा मिल सके।

Advertisement

बता दें कि इलाहाबाद बैंक ने कहा कि लेनदारों के पास एमसीएलआर से जुड़े कर्ज और ईबीएलआर से जुड़े कर्ज में से चुनाव करने का विकल्प होगा। बैंक ने यह भी कहा कि वह 40 लाख और उससे ऊपर के सभी बैंक बचत जमा को भी एक अक्टूबर 2019 से एक्सटर्नल बेंचमार्क से जोड़ेगा।