बैंक में होने वाले हड़ताल के चलते होने वाली छुटिट्यों को लेकर एक बड़ा अपडेट आया है। 11वीं द्विपक्षीय वेतन संशोधन वार्ता के लिए बिना शर्त आदेश पत्र जारी करने की मांग को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) द्वारा 26 दिसंबर को आहूत हड़ताल से पहले बैंक अधिकारियों के एक यूनियन ने भी 21 दिसंबर को हड़ताल का ऐलान किया है।

Advertisement

सोमवार को छोड़कर अगले शुक्रवार तक बंद रहेंगे बैंक

अधिकारियों द्वारा यह जानकारी बुधवार को दी गई है। हड़ताल और छुटिट्यों के कारण बैंक सोमवार को छोड़कर अगले शुक्रवार से बुधवार तक बंद रहेंगे। जिससे इन दिनों बैंकिंग सेवाएं बुरी तरह से प्रभावित रहेंगी। इसके बाद बैंक 22 दिसंबर और 23 दिसंबर को चौथे शनिवार और रविवार के कारण बंद रहेंगे, जबकि 25 दिसंबर को क्रिसमस का राष्‍ट्रीय अवकाश है।

कल से ही शुरु हो जाएगी हड़ताल

ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स कंफेडरेशन के सहायक महासचिव संजय दास ने कहा है कि हमने 2017 के मई में प्रस्‍तुत मांग-पत्र के आधार पर 11वीं द्विपक्षीय वेतन संशोधन वार्ता के लिए पूर्ण और बिना शर्त आदेश पत्र जारी करने की मांग को लेकर 21 दिसंबर को हड़ताल का आहवान किया है। वेतन संशोधन पर चर्चा शुरु होने के 19 महीनों बाद भी अब तक कोई प्रगति नहीं हुई है।

3.2 लाख से अधिक अधिकारी होंगे शामिल

उनके अनुसार यूनियन के 3.2 लाख से अधिक अधिकारी इस हड़ताल में शामिल होंगे, क्‍योंकि इंडियन बैंक एसोसिएशन की ओर से उन पांच बैंकों को राजी करने के लिए अभी तक कोई स्‍पस्‍ट पहल नहीं की गई है, जिन्‍होंने अभी तक बिना शर्त वाला आदेश पत्र जारी नहीं किया है।

एटीएम सेवाएं भी होंगी प्रभावित

आपको बता दें कि हड़ताल के दौरान शुक्रवार को एटीएम सेवाएं सामान्‍य रहने की संभावना है, जबकि 26 दिसंबर को एटीएम सेवाएं प्रभावित होंगी। यूनियन की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्‍यक्ष ने कहा है कि यह हड़ताल तीन सरकारी बैंकों, बैंक ऑफ बड़ौदा, विजया बैंक और देना बैंक के विलय के खिलाफ भी की जा रही है।