भारतीय मुद्रा के चलन पर पड़ोसी देश नेपाल ने रोक लगा दी है। ए‍क ओर जहां दो साल पहले भारत सरकार ने देश में नोटबंदी की थी तो वहीं अब नेपाल ने 100 रुपए से अधिक के भारतीय नोटों के चलन पर रोक लगा दी है। आज तक न्‍यूज वेब पोर्टल की रिर्पोट के अनुसार नेपाल की कैबिनेट ने तत्‍काल प्रभाव से इस आदेश को लागू करने का आदेश दिया है।

Advertisement

आज तक ने अपनी रिर्पोट में बताया कि नेपाली अखबार काठमांडू पोस्‍ट के अनुसार, सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे अब 100 रुपए से ज्‍यादा के नोट यानी 200, 500 और 2000 रुपए का नोट न रखें। ऐसे में अब नेपाल में भारत के सिर्फ 100 रुपए तक के ही नोट मान्‍य होंगे।

Advertisement

बता दें कि भारत में जब नोटबंदी हुई थी, तब नेपाल में बड़ी मात्रा में 500 और 2000 के पुराने नोट थे, जिसके कारण वो नोट वहां पर ही अटक गए थे। इसी समस्‍या को देखते हुए नेपाल में अब इन नोटों के इस्‍तेमाल पर ही रोक लगा दी है।

आपको बता दें कि भारतीय मुद्रा नेपाल में आसानी से चलती थी। नेपाल के कई बैंकों में सैकड़ों करोड़ पुराने नोट फंसे हुए थे, जो वापस नहीं हो पाए थे। याद दिला दें कि 8 नवंबर 2016 को भारत सरकार ने नोटबंदी का ऐलान किया था, जिसमें 500 और 1000 रुपए के पुराने नोटों पर बैन लगा दिया गया था।