IT कंपनी एचसीएल टेक्‍नोलॉजी ने अमेरिकी कंपनी IBM के 7 सॉफ्टवेयर प्रोडक्‍ट खरीदने का ऐलान किया है। कंपनी की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि यह डील 1.8 अरब डॉलर यानी करीब 12780 करोड़ रुपए में हुई है। बता दें कि यह एचसीएल का अब तक का सबसे बड़ा अधिग्रहण होगा।

Advertisement

यह डील अगले साल के मध्‍य तक पूरी होने की उम्‍मीद है। इसके लिए रेगुलेटर्स की इजाजत लेनी पड़ेगी। एचसीएल के प्रेसिडेंट और सीईओ सी विजयकुमार ने कहा कि कंपनी सिक्‍योरिटी, मार्केटिंग और कॉमर्स से जुड़े सॉफ्टवेयरों का अधिग्रहण करेगी। इनका बाजार तेजी से बढ़ रहा है और यह एचसीएल के स्‍ट्रैटजिक सेगमेंट में शामिल हैं।

Advertisement

आपको बता दें कि IBM जिन 7 सॉफ्टवेयर प्रोडक्‍ट को बेच रहा है उनमें बिगफिक्‍स, यूनिका और कनेक्‍शंस शामिल हैं। बिगफिक्‍स सिक्‍योर डिवाइस मैनेजमेंट से जुड़ा सॉफ्टवेयर है। यूनिका मार्केटिंग ऑटोमेशन और कनेक्‍शंस वर्कस्‍ट्रीम कॉलेबोरेशन प्रोडक्‍ट है।

एचसीएल का सॉफ्टवेयर सर्विस बिजनेस जुलाई-सितंबर तिमाही में 21 प्रतिशत इजाफे के साथ 8,711 रुपए रहा। तो वहीं आईबीएम की सॉफ्टवेयर बिक्री में पिछले कुछ महीनों में गिरावट आयी है। इससे कंपनी की तिमाही आय पर भी फर्क पड़ा है। आईबीएम भी अमेरिकी सॉफ्टवेयर कंपनी रेड हैट को 34 अरब डॉलर में खरीद रही है। इसमें रेड हैट का कर्ज भी शामिल है। डील पूरा करने की प्रक्रिया अभी चल रही है।