तेल के दामों में फिर राहत मिली है। पिछले 1 महीने से पेट्रोल और डीजल के दाम लगातार कम हो रहे। बता दें बुधवार को पेट्रोल और डीजल के दाम स्थिर थे, यानी न कम और न ज्‍यादा। गुरुवार को दिल्‍ली में पेट्रोल के दाम 41 पैसे घटकर 75.97 रुपए प्रति लीटर हो गए हैं तो वहीं डीजल के दामों में भी 30 पैसे की कटौती देखने को मिली और नए दाम 70.97 रुपए प्रति लीटर के स्‍तर पर आ गए हैं।

Advertisement

मुंबई में भी पेट्रोल के दामों में 40 पैसे की गिरावट दर्ज की गई और आज यह 81.50 रुपए प्रति लीटर बिका। तो वहीं डीजल के दाम 32 पैसे घटकर 74.34 रुपए प्रति लीटर हो गए हैं। बता दें कि पिछले डेढ़ महीने में ब्रेंट क्रूड का भाव 23 डॉलर प्रति बैरल से ज्‍यादा गिरा है। कच्‍चे तेल का दाम मंगलवार को 6 प्रतिशत से ज्‍यादा लुढ़का। फिलहाल पिछले सत्र की गिरावट के बाद बुधवार को कच्‍चे तेल के दाम में रिकवरी आई है।

Advertisement

पिछले सत्र में 6 फीसदी से ज्‍यादा की गिरावट के साथ ब्रेंट क्रूड का भाव करीब एक साल के निचले स्‍तर पर आ गया। अमेरिकी लाइट क्रूट वेस्‍ट टेक्‍सास इंटरमीडिएट यानी डब्‍ल्‍यूटीआई मंगलवार को 53 डॉलर प्रति बैरल के मनोवैज्ञानिक स्‍तर से नीचे आ गया।

आपको बता दें कि 4 अक्‍टूबर को पेट्रोल रिकॉर्ड उच्‍च स्‍तर पर पहुंच गया था। तब से दिल्‍ली में इसकी दर 84 रुपए प्रति लीटर और मुंबई में 91.34 रुपए प्रति लीटर हो गई थी। इसी तरह चार अक्‍टूबर को डीजल भी सर्वकालिक उच्‍च स्‍तर पर पहुंच गया था। दिल्‍ली में यह 75.45 रुपए प्रति लीटर और मुंबई में 80.10 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया था। पेट्रोल और डीजल के भाव 16 अगस्‍त से बढ़ने शुरू हुए थे। तब दिल्‍ली में पेट्रोल 77.14 रुपए प्रति लीटर और डीजल 68.72 रुपए प्रति लीटर पर था।