यदि आप निवेश करने के लिए सोच रहे हैं तो बता दें कि क्रेडिट एक्‍सेस ग्रामीण का IPO निवेश के लिए खुल गया है। इस आईपीओ को 10 अगस्‍त तक सब्‍सक्राइब किया जा सकता है। इस आईपीओ से कंपनी प्राथमिक बाजार से 1,131 करोड़ रुपए जुटाना चाहती है। तो वहीं कंपनी ने प्रति शेयर 418-422 रुपए का प्राइस बैंड रखा है। आपको बता दें कि क्रेडिट एक्‍सेस एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी है।

Advertisement

सावधानी के साथ कर सकते हैं निवेश

कंपनी के बारे में ब्रोकरेज हाउस का कहना है कि ग्रामीण इलाकों में कंपनी की अच्‍छी पकड़ है। इसके अलावा इसकी बैलेंस शीट भी ठोस है और परिचालन अनुपात भी बढि़या है। फिलहाल इसका प्रमुख कारोबार सिर्फ चुनिंदा राज्‍यों में ही सीमित है। ब्रोकेज हाउस का मानना है कि इसमें सावधानी के साथ निवेश किया जा सकता है तो वहीं कुछ का कहना है कि इसके IPO से दूर रहे हैं।

निकटतम प्रतिद्वंदी उज्‍जीवन

बता दें कि यह अपनी ऊपरी कीमत पर बुक वैल्‍यू से 2.9 गुना पर नजर आता है। इसका निकटतम प्रतिद्वंदी उज्‍जीवन है जो कि 2.7 गुना पर है। वित्‍त वर्ष 14 से वित्‍त वर्ष 18 के दौरान कंपनी का एसेट अंडर मैनेजमेंट सालाना 65.2 प्रतिशत की दर से बढ़कर 4,975 करोड़ रुपए हो गया है। इस दौरान कंपनी के ग्राहकों की संख्‍या में 32.4 प्रतिशत की वार्षिक दर से इजाफा हुआ है।

ग्रामीण इलाकों में है अच्‍छी पकड़

आपको बता दें यह कंपनी ग्रामीण इलाकों में ज्‍यादा सक्रिय है और महिलाएं इसकी प्रमुख ग्राहक हैं। जिनकी वार्षिक आय शहरी इलाकों में 1.6 लाख रुपए और ग्रामीण इलाकों में 1 लाख रुपए से कम है। कंपनी कर्नाटक और महाराष्‍ट्र के अलावा, केरल, मध्‍यप्रदेश, गोवा, छत्‍तीसगढ़, ओडिशा और तमिलनाडू में एक्टिव है।

ज्‍वांइट लाइबिलिटी ग्रुप के तहत करती है काम

यह कंपनी ज्‍वांइट लाइबिलिटी ग्रुप मॉडल के तहत कर्ज देती है। इसके तहत एक समूह को उनके परिजन की संख्‍या और परिवार की आय के अनुसार पहचाना जाता है और यह समूह एक केंद्र में दर्ज होता है। इसके बाद एकल क्षमता के आधार पर कर्ज दिया जाता है लेकिन कर्ज चुकाने की देनदारी पूरे समूह की होती है।