आम चुनाव 2019 से पहले बजट की घोषणा पर अमल करते हुए मोदी सरकार ने किसानों को एक बड़ा तोहफा दे दिया है। जी हां लागत मूल्‍य से 50 प्रतिशत अधिक दाम देने के वादे के तहत केंद्रीय कैबिनेट ने खरीफ फसलों के लिए नए समर्थन मूल्‍य को मंजूरी दे दी है।

Advertisement

एमएसपी बढ़ने से 15 हजार करोड़ का बढ़ेगा अतिरिक्‍त भार

इस पर केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने सरकार के फैसले की घोषणा करते हुए कहा है कि धान का न्‍यूनतम समर्थन मूल्‍य 200 रुपए बढ़ाकर 1,750 रुपए क्विंटल कर दिया गया है, जबकि ए ग्रेड धान पर 160 रुपए का इजाफा किया गया है। उन्‍होंने कहा है कि MSP बढ़ाने से सरकार पर 15 हजार करोड़ का अतिरिक्‍त भार बढ़ेगा।

रागी के MSP में अधिकतम वृद्धि

आपको बता दें कि 14 खरीफ फसलों के न्‍यूनतम समर्थन मूल्‍य में अधिकतम वृद्धि रागी में हुई है। इसका एमएसपी 1900 रुपए से बढ़ाकर 2,897 रुपए प्रति क्विंटल किया गया है। मक्‍के के समर्थन मूल्‍य को 1425 रुपए प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 1700 रुपए किया गया है।

मूंग और उड़द की MSP

मूंग की खरीद प्रति क्विंटल 5575 रुपए की दर से हो रही थी अब किसानों को इसके लिए लिए 6975 रुपए मिलेंगे। उड़द के न्‍यूनतम समर्थन मूल्‍य को 5400 रुपए प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 5600 रुपए किया गया है। बाजरे के MSP को 1425 रुपए प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 1950 रुपए किया गया है।

कपास और रेशे की MSP

तो वहीं कपास के लिए किसानों को अभी तक 4,020 रुपए प्रति 100 किलोग्राम मिल रहा था अब इसे बढ़ाकर 5,150 रुपए किया गया है। इसके अलावा लंबे रेशे वाले कपास का मूल्‍य 4,320 रुपए से बढ़ाकर 5,450 कर दिया गया है1

इस मौके पर गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आजाद भारत के इतिहास में न्‍यूनतम समर्थन मूल्‍य में पहली बार इतनी बड़ी वृद्धि की गई है।