UAE यानि यूनाइटेड अरब अमीरात ने भारतीय टूरिस्‍ट को ध्‍यान में रखते हुए एक अहम फैसला लिया है। इस फैसले के अनुसार अब आपको दो दिन का फ्री ट्रांजिट वीजा मिलेगा। दो दिन का फ्री ट्रांजिट वीजा मिलने का मतलब है कि दुबई और अबु धाबी होते हुए अगर आप दुनिया के किसी अन्‍य कोने में जा रहे हैं, तो आपको यहां 48 घंटे रुकने की खातिर एक भी पैसा खर्च नहीं करना पड़ेगा।

Advertisement

रुक सकते हैं दो दिन से ज्‍यादा बस करना होगा ये काम

साथ ही अगर आप दो दिन के इस समय को और बढ़ाना चाहते हैं तो आप ऐसा भी कर सकते हैं। इसके लिए बस आपको 1000 रुपए खर्च करना पड़ेगा, इतने पैसे में आप चार दिन अथवा 96 घंटों तक बढ़ा सकते हैं।

टूरिस्‍ट को लुभाने के लिए लिया है ऐसा फैसला

यूएई कैबिनेट ने यह फैसला भारतीय टूरिस्‍टों को लुभाने के लिए लिया है। फिलहाल, नए नियम कब से लागू होंगे इसकी अभी घोषणा नहीं हुई है। आप इन ट्रांजिट वीजा को सभी यूएई एयरपोर्ट पर पासपोर्ट कंट्रोल हॉल में एक्‍सप्रेस काउंटर्स से हासिल कर पाएंगे।

भारतीयों को पसंद है दुबई

वैसे भी दुबई भारतीयों को काफी पसंद है। 2017 में 3.60 लाख भारतीय पर्यटकों ने अबुधाबी की यात्रा की थी, यह संख्‍या पिछले साल के मुकाबले 11 प्रतिशत अधिक है। अब देखना है कि यूएई के इस फैसले के बाद यहां पर भारतीयों की संख्‍या कितनी बढ़ती है।

अन्‍य देश वीजा की प्रक्रिया को आसान बना रहे हैं

आपको बता दें कि यूएई के अलावा अन्‍य कई देश हैं, जो भारतीय पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए वीजा नियमों को आसान कर रहे हैं। इस लिस्‍ट में इजरायल, जापान, ओमान समेत अन्‍य देश शामिल हैं।