सोशल मीडिया फेसबुक डाटा लीक मामले में फेसबुक के सीईओ मार्क जुकरबर्ग ने बुधवार को कैम्ब्रिज एनालिटिका स्‍कैंडल मामले में गलती स्‍वीकार करते हुए कहा कि यह विश्‍वासघात का मामला है। जुकरबर्ग ने फेसबुक पोस्‍ट पर कहा कि मै कैंब्रिज एनालिटिका को लेकर अपनी बात रखना चाहता हूं। हम इस दिशा में समस्‍याओं से निपटने के लिए जरुरी कदम उठा रहे हैं। मैं यह समझने की कोशिश की दिशा में काम कर रहा हूं कि असल में हुआ क्‍या और इसे दोबारा होने से कैसे रोका जाए?

Advertisement

उन्‍होंने ने कहा कि अच्‍छी खबर यह है कि इसे रोकने के लिए जो जरुरी कदम हमने आज उठाए हैं, वे असल में कई वर्षों पहले ही उठा लेने चाहिए थे, हमने गलती की है, लेकिन अब इन्‍हें दोबारा होने से रोकने के लिए कमर कसने की जरुरत है। गौरतलब है कि ब्रिटेन की कंसल्‍टेटिंग कंपनी कैंब्रिज एनालिटिका पर फेसबुक के 5 करोड़ यूजर्स के डाटा का दुरुपयोग करने के बाद फेसबुक विवादों में घिर गया है।

Advertisement

जुकरबर्ग का कहना है कि कंपनी उन सभी एप की जांच करेगी, जिनके जरिए बड़ी मात्रा में जानकारियां हासिल की गईं। वह कहते हैं कि निजी जानकारियों का दुरुपयोग या उनसे छेड़छाड़ करने वालों डेवलपर्स पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। इसके साथ ही संदिग्‍ध गतिविधियों वाले सभी एप की जांच की जाएगी।