कारोबारी सप्‍ताह के पहले दिन पिछले एक महीने की मंदी को रिकवरी दिखाते हुए जिस तरह से शेयर बाजार की ओपनिंग हुई थी, उसे देखकर यह अनुमान लगाया जा रहा था कि हो सकता है आज मार्केट की क्‍लोजिंग भी अच्‍छी हो। हुआ भी ऐसा ही आज सेंसेक्‍स और निफ्टी 2 फीसदी बढ़त के साथ बंद हुए। बॉम्‍बे स्‍टॉक एक्‍सचेंज का सेंसेक्‍स 610 प्‍वाइंट की तेजी के साथ 33917.94 के स्‍तर पर बंद हुआ, तो वहीं निफ्टी 194.55 की जोरदार तेजी के साथ 10421.40 के स्‍तर पर बंद हुआ।

Advertisement

1 साल के बाद इतनी तेजी

माना जा रहा है कि आज सोमवार को सेंसेक्‍स और निफ्टी में जो तेजी आई है वह 1 साल में सबसे अधिक दैनिक बढ़त है। 14 मार्च 2017 के बाद से सेंसेक्‍स और निफ्टी में कभी एक दिन में इतना उछाल नहीं आया था। आज पूरे दिन शेयर बाजार के सभी सेक्‍टर इंडेक्‍स में उछाल देखने को मिला है, खासकर FMCG, फार्मा, मेटल इंडेक्‍स में सबसे ज्‍यादा मजबूती दर्ज की गई है।

ऑटो सेल बढ़ोत्‍तरी भी एक कारण

फरवरी के दौरान देश की गाडि़यों की बिक्री में 22.77 प्रतिशत का उछाल देखने को मिला है। खासकर क‍मर्शियल गाडि़यों की बिक्री में 31 प्रतिशत का उछाल आया है। ऑटो सेल में हुई बढ़ोत्‍तरी से आने वाले दिनो में अर्थव्‍यवस्‍था में तेजी से सुधार होने की उम्‍मीद जग गई है, जिस वजह से शेयर बाजार में आज बढ़त देखने को मिली है।

अमेरिकी बाजार का भी हुआ है असर

राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप ने अपने यहां आयात शुल्‍क को लेकर पहले जो रुख अपनाया था उसमें अब कुछ नरमी जताई है जिसके बाद ग्‍लोबल शेयर बाजारों में उछाल आया है और इसका असर भारतीय बाजारों में दिखा है।

यहां पर सबसे ज्‍यादा तेजी देखने को मिली

निफ्टी पर आज 50 में से 47 कंपनियों के शेयरों में खरीदारी देखी गई है जबकि सेंसेक्‍स की 30 में से 27 कंपनियों के शेयर बढ़कर बंद हुए हैं। निफ्टी पर जिन कंपनियों के शेयरों में सबसे ज्‍यादा बढ़त आई है उनमें भारती एयरटेल, वेदांता, इंडियन ऑयल, आईटीसी, एनटीपीसी, हिंडाल्‍को, टाटा मोटर्स, हीरो मोटर कॉर्प, एक्सिस बैंक प्रमुख हैं।

कुछ इस तरह सुबह आगाज हुआ था शेयर बाजार का

शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में बीएसई के 30 शेयरों वाला प्रमुख इंडेक्‍स सेंसेक्‍स 298 अंक यानि की 0.9 प्रतिशत मजबूती के साथ 33,605 के स्‍तर पर कारोबार कर रहा था। तो वहीं एनएसई के 50 शेयरों वाला प्रमुख इंडेक्‍स निफ्टी 94 अंक यानी की 0.9 प्रतिशत की उछाल के साथ 10,321 के स्‍तर पर कारोबार कर रहा था।