कारोबारी सप्‍ताह के पहले दिन जहां शेयर बाजार में रुखापन नजर आ रहा था, वहीं मंगलवार को शेयर मार्केट में थोड़ी हरियाली देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में आज बीएसई का 30 शेयरों वाला प्रमुख इंडेक्‍स सेंसेक्‍स 210 अंक की मजबूती के साथ 33956.47 के स्‍तर पर कारोबार कर रहा है। तो वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला प्रमुख इंडेक्‍स निफ्टी 63.90 अंक की बढ़त के साथ 10422.75 के स्‍तर पर कारोबार कर रहा है।

Advertisement

शेयर बाजार में आज सभी सेक्‍टर इंडेक्‍स में बढ़त देखी जा रही है, नेशनल स्‍टॉक एक्‍सचेंज पर सबसे ज्‍यादा बढ़त मेटल निफ्टी में है, सोमवार को मेटल इंडेक्‍स में ही सबसे ज्‍यादा गिरावट दर्ज की गई थी।

Advertisement

मेटल इंडेक्‍स के अलावा मीडिया, बैंक निफ्टी और रियलिटी इंडेक्‍स में भी ज्‍यादा तेजी है। निफ्टी की कुल 50 कंपनियों में से 44 में बढ़त है और सेंसेक्‍स की 30 में से 26 कंपनियों में शुरुआती कारोबार में बढ़त देखी जा रही है।

निफ्टी में बढ़ने वाली कंपनियों में सबसे आगे वेदांत, टाटा स्‍टील, हिंडाल्‍को, इंडसइंड बैंक, इंडियाबुल्‍स हाउसिंग फाइनेंस, यश बैंक और टाटा मोटर्स के शेयर हैं। जिन कंपनियों के शेयरों में गिरावट है उनमें महिंद्रा एंड महिंद्रा, टेक महिंद्रा और टीसीएस जैसी कंपनियां हैं। रुपए में रिकवरी की वजह से आईटी सेक्‍टर की ज्‍यादातर कंपनियों पर दबाव देखा जा रहा है।

Advertisement

मिडकैप और स्‍मॉलकैप शेयरों में भी खरीदारी नजर आ रही है। बीएसई का मिडकैप इंडेक्‍स करीब 0.96 प्रतिशत बढ़ा है, जबकि निफ्टी के मिडकैप 100 इंडेक्‍स में 0.92 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई है।

इसके अलावा अमेरिकी बाजारों में कल शानदार तेजी देखने को मिली है और डाओ जोंस 336 अंक उछलकर बंद हुआ था।