सरकार की ओर से 2016-20 की अवधि के लिए 6,000 करोड़ रुपए के आंबटन के साथ क्रियान्वित की जा रही प्रधानमंत्री किसान संपदा योजना चौदहवें वित्‍त आयोग की अवधि समाप्‍त होने तक चलेगी। इस योजना से 2019-20 तक 20 लाख किसानों के लाभान्वित होने तथा प्रत्‍यक्ष और परोक्ष रूप से 5,30,500 रोजगार सृजित होने की संभावना है।

Advertisement

यह जानकारी केंद्रीय खाद्य प्रसंस्‍करण उद्योग राज्‍यमंत्री साध्‍वी निरंजन ज्‍योति ने आज लोकसभा में एक लिखित प्रश्‍न के उत्‍तर में दी। मंत्री ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री किसान संपदा योजना के तहत उनका मंत्रालय खाद्य प्रसंस्‍करण के क्षेत्र में कई केंद्रीय प्रायोजित योजनाएं क्रियान्वित कर रहा है।

Advertisement

यह योजनाएं इस प्रकार है :

  • मेगा फूड पार्क (इस योजना को जारी किया जा चुका है)
  • एकीकृत प्रशीतन श्रृंखला और मूल्‍य संवर्धन अवसंरचना (इस योजना को जारी किया जा चुका है)
  • खाद्य प्रसंस्‍करण और संरक्षण क्षमताओं का निर्माण और विस्‍तार (नया)
  • कृषि उत्‍पाद प्रसंस्‍करण क्‍लस्‍टरों के लिए बुनियादी ढांचा (नया)
  • खाद्य सुरक्षा और गुणवत्‍ता सुनिश्चित करने के लिए अवसंरचना विकास (इस योजना को जारी किया जा चुका है)
  • मानव संसाधन और संस्‍थाएं (इस योजना को जारी किया जा चुका है)