रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रमुख मुकेश अंबानी ने हाल ही में यूपी इन्वेस्टर्स समिट में 10 हजार करोड़ रुपए के निवेश का एलान किया था। वहीं अब अंबानी भारत के ही एक अन्य राज्य आंध्रप्रदेश में करीब 55 हजार करोड़ रुपए का निवेश करने जा रहे हैं। ये निवेश यूपी में हुए निवेश से साढ़े पांच गुना ज्यादा है। आखिर मुकेश अंबानी आंध्रप्रदेश में इतना निवेश क्यों कर रहे हैं इसकी वजह हम आपको आगे बता रहे हैं।
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (IRL) ने अगले पांच सालों में आंध्रप्रदेश में ऊर्जा व डिजिटल अवसंरचना के क्षेत्र में 55,000 करोड़ रुपये निवेश करने की योजना बनाई है। यह जानकारी रविवार को अधिकारियों ने दी। मुकेश अंबानी की अगुवाई वाले समूह ने इस उद्देश्य से सीआईआई साझेदारी सम्मेलन के दूसरे दिन रविवार को आंध्रप्रदेश सरकार के साथ एक समझौता किया।
आरआईएल और बीपी इंटरनेशनल लिमिटेड (बीपी) की बराबर की साझेदारी वाले संयुक्त उपक्रम इंडिया गैस सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड ने प्रदेश सरकार के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए। यह उपक्रम भारत में गैस और एलएनजी के विपणन का कारोबार करता है।
अधिकारियों ने बताया कि आरआईएल और बीपी ने 40,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश के साथ तीन परियोजनाओं के माध्यम से कृष्णा-गोदावरी बेसिन में ब्लॉक-केजीडी-6 में अपतटीय गैस की खोज करने की योजना तैयार की है।
इन तीनों परियोजनाओं के विकास से रोजाना एक अरब घन फुट घरेलू गैस का उत्पादन 2020-2022 तक होने की उम्मीद है। साथ ही, अगले पांच साल से ज्यादा समय में निर्माण के चरणों के दौरान काफी प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इस परियोजना के निष्पादन के तहत आरआईएल और बीपी की ओर से कौशल विकास कार्यक्रम चलाने की भी योजना है।
आरआईएल की अनुषंगी कंपनी रिलायंस जियो इन्फोकॉम 15,000 करोड़ रुपये की लागत से तिरुपति में विश्वस्तरीय विनिर्माण इकाई और अमरावती में विश्वस्तरीय अवसंरचना तैयार करेगी। आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और आरआईएल के अध्यक्ष किरण थॉमस की मौजूदगी में इंडिया गैस सॉल्यूशंस और रिलायंस जियो इन्फोकॉम के अधिकारियों और प्रदेश सरकार के अधिकारियों ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
यूपी में हुए इंवेस्टर्स समिट में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने 10,000 करोड़ रुपए के निवेश करने का एलान किया था। मुकेश अंबानी ने कहा कि हम सभी मिलकर उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने के सपने को पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि अगर यूपी विकास में आगे बढ़ेगा तो कोई भी ताकत देश को आगे बढ़ने से नहीं रोक सकती है।
मुकेश अंबानी ने यूपी इन्वेस्टर्स समिट में कहा था कि, जियो अब तक यहां पर 20 हजार करोड़ रुपए का निवेश कर चुका है और दिसंबर 2018 तक जियो यूपी के हर गांव में उपलब्ध होगा। इस मौके पर मुकेश अंबानी ने कहा कि अगले तीन साल में जियो करीब 1 लाख लोगों को नौकरियां प्रदान करेगा। इससे अगले सालों यूपी के हर युवा के पास नौकरी-चाकरी रहेगी। वो अपना जीवन आभाव में नहीं बिताएंगे।
More Articles
- भारी बारिश का अलर्ट: बाढ़ में डूबी कार को स्टार्ट न करें, क्लेम पाने का सही तरीका जानें
- Manipal Health IPO: ₹9,275 करोड़ का बड़ा दांव, क्या आपको अप्लाई करना चाहिए?
- ITR फाइल करने का आज आखिरी मौका: क्या आज के बाद लगेगा जुर्माना? जानें बचने का तरीका
- US Fed का फैसला आज रात: क्या भारतीय बाजार में आएगी बड़ी हलचल? जानें ट्रेडर्स के लिए खास रणनीति
- GST QRMP स्कीम: PMT-06 पेमेंट में 35% चालान चुनें या सेल्फ-असेसमेंट? ब्याज से बचने का पूरा गणित
- ITR फाइलिंग की डेडलाइन: 31 जुलाई से पहले निपटा लें ये जरूरी काम, वरना होगा नुकसान