प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि भारत अगले कुछ वर्षो में सतत, समग्र विकास के साथ 50 खरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। यहां पहले मेगा वैश्विक निवेशक सम्मेलन, 'मैग्नेटिक महाराष्ट्र, कनवर्जेस 2018' का उद्घाटन करते हुए मोदी ने कहा कि देश राज्यों के विकास के साथ ठोस विकास की राह पर है।

Advertisement

मोदी ने कहा, "हम 50 खरब डॉलर के क्लब में शामिल होने की दिशा में काम कर रहे हैं।" उन्होंने यह भी कहा कि महाराष्ट्र अगले कुछ वर्षो में 10 खरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने वाला देश का पहला राज्य होगा।
इस मौके पर 200 से अधिक भारतीय और वैश्विक कंपनियों के प्रमुख उपस्थित थे।

Advertisement

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार मुंबई के नए एयरपोर्ट के भूमिपूजन के अवसर पर कहा कि, बीते एक साल के दौरान 900 से ज्यादा विमानों के पोस्टिंग आर्डर आने वाले सालों में भारत में उड्डयन क्षेत्र में भारी वृद्धि की तैयारी को दिखाता है। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में देश में करीब 450 विमानों का संचालन किया जाता है, लेकिन यह संख्या अगले कुछ सालों में 900 से ज्यादा विमानों की तैनाती के साथ तिगुनी हो जाएगी।

Advertisement

प्रधानमंत्री ने यह बात 16,000 करोड़ रुपये की लागत से नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे की आधारशिला रखने के दौरान कही, "दुनिया भर में उड्डयन क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ रहा है..हम इसमें पीछे रहने का जोखिम नहीं ले सकते। देश में 70 सालों से कोई विमानन नीति नहीं है, जिसके लिए हमने हाल में देश के सुदूरवर्ती कोनों से सस्ती दरों पर समग्र संपर्क सुविधा मुहैया का क्रियान्वयन किया है।"

Advertisement

उन्होंने साथ ही जवाहरलाल नेहरू पत्तन न्यास पर देश के पहले कंटेनर टर्मिनल का उद्घाटन भी किया। यह टर्मिनल 4,719 करोड़ रुपये की लागत से बना है। उन्होंने कहा, "हम चाहते हैं कि हवाई-चप्पल पहनने वाले लोग हवाई-जहाज में उड़ने में समर्थ हों.. उड्डयन क्षेत्र में साढ़े तीन गुना से ज्यादा रिटर्न देने की बड़ी क्षमता है। हम सौ रुपये के निवेश से एक साथ व्यापार व वाणिज्य, लोगों के आवागमन, पर्यटन व समग्र विकास को बढ़ावा देकर 350 रुपये प्राप्त कर सकते हैं।"