माना जा रहा है कि इस बार आम बजट 2018 में वित्‍त मंत्री अरुण जेटली रेल बजट को लेकर मेहरबान हो सकते हैं। एक ओर जहां जानकारों का मानना है कि सरकार यात्रियों को दी जानी वाली सुविधाओं पर ज्‍यादा ध्‍यान देगी और सुरक्षा पर भी काम होगा तो वहीं दूसरी ओर आम लोगों को यह उम्‍मीदें हैं कि किराए में बढ़ोत्‍तरी नहीं होगी।

Advertisement

रेलवे स्‍टेशनों पर लगेंगे एस्‍केलेटर और लिफ्ट

रिर्पोट्स के अनुसार यात्रियों की सुविधा को ध्‍यान में रखते हुए आगामी बजट में देश के सभी प्रमुख रेलवे स्‍टेशनों पर एस्‍केलेटर और लिफ्ट लगाने का प्रावधान किया जाएगा। इससे बुजुर्गों और शारीरिक रुप से अक्षम व्‍यक्तियों समेत सभी यात्रियों को रेलवे स्‍टेशनों पर चढ़ने-उतरने में सहूलियत होगी।

ये है उम्‍मीदें

द क्विंट की रिर्पोट के अनुसार पूरे देश के रेलवे नेटवर्क में कुल 2,589 स्‍केलेटर लगाए जाएंगे, जिनमें कांदिवली, माटुंगा, बांद्रा, चर्चगेट, दादर, एलफिंस्‍टन रोड, महालक्ष्‍मी और योगेश्‍वरी समेत अकेले मुंबई में 372 एस्‍केलेटर लगाने की योजना है।

इतनी आएगी लागत

रेल मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार बड़े पैमाने पर एस्‍केलेटर और लिफ्ट लगाने से प्रति ईकाई लागत में कमी आएगी। उन्‍होंने बताया कि वर्तमान में एक एस्‍केलेटर पर एक करोड़ रुपए की लागत आती है जबकि एक लिफ्ट पर 40 लाख रुपए खर्च होते हैं।

आम बजट

आपको बता दें कि रेलवे ने हाल ही में कहा था कि शहरी और उपनगरीय इलाकों के रेलवे स्‍टेशनों पर एस्‍केलेटर लगाने के लिए वहां की आमदनी की जगह रेल यात्रियों की संख्‍या को मानक बनाया गया है। आधिकारियों के अनुसार रेल बजट में सुरक्षा और यात्रियों की सुविधा पर विशेष ध्‍यान दिया जा रहा है। साथ ही शहरी और उपनगरीय इलाकों के सभी प्रमुख स्‍टेशनों पर सुविधाएं बढ़ाने का फैसला लिया गया है। आपको बात दें अब रेल बजट अलग से नहीं बल्कि आम बजट के साथ ही पेश होगा।