सरकार द्वारा पारित भारतमाला प्रोजेक्‍ट को अंतत: मंजूरी मिल गई है। आपको बता दें कि भारतमाला का यह प्रोजेक्‍ट पांच राज्‍यों के लिए है। पहले स्‍लॉट के लिए नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने 20 प्रोजेक्‍ट चुने हैं। पांच राज्‍यों के भारतमाला प्रोजेक्‍ट में 13 हजार 100 करोड़ रुपए के खर्च का अनुमान है। मनी भास्‍कर की रिर्पोट के अनुसार सबसे अधिक प्रोजेक्‍ट आंध्रप्रदेश में बनेंगे। इसके अलावा गुजरात, तेलंगाना और राजस्‍थान को प्रमुखता दी गई है।

Advertisement

जानिए भारतमाला प्रोजेक्‍ट के बारे में

सरकार के भारतमाला प्रोजेक्‍ट को कैबिनेट द्वारा कुछ दिन पहले ही मंजूरी मिली है। इस परियोजना के तहत लगभग 5.35 लाख करोड़ रुपए खर्च होंगे और इससे 34800 किलोमीटर सड़क बनेगी। पहले फेज में भारत माला प्रोजेक्‍ट की 24800 किमी सड़क बनेगी। तो वहीं NHDP के अंतर्गत 10 हजार किमी सड़क बनेगी।

किसके तहत बन रहा प्रोजेक्‍ट

मनी भास्‍कर में आगे अपनी रिर्पोट में बताया कि नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अनुसार भारतमाला परियोजना के अंतर्गत ज्‍यादातर प्रोजेक्‍ट हाइब्रिड एनुयटी मॉडल (हम) के तहत दिए जा रहे हैं, जबकि कुछ प्रोजेक्‍ट इंजीनियरिंग, प्रोक्‍योरमेंट और कंस्‍ट्रक्‍शन मॉडल के तहत पूरे किए जाएंगे।

आंधप्रदेश के लिए प्रोजेक्‍ट

भारतमाला परियोजना के अंतर्गत अब तक जो टेंडर जारी हुए हैं उनमें सबसे अधिक आंध्रप्रदेश के लिए जारी किए गए हैं। यहां पर 7 टेंडर किए गए हैं।

गुजरात के लिए प्रोजेक्‍ट

इस प्रोजेक्‍ट में गुजरात को भी प्रमुखता दी गई है। गुजरात में 5 प्रोजेक्‍ट्स के टेंडर जारी किए गए हैं। इस परियोजना के तहत दिल्‍ली से बड़ोदरा तक डायरेक्‍ट कनेक्‍टविटी की डीपीआर तैयार करने के लिए टेंडर जारी किए गए हैं। इसके लिए कंसलटेंसी फर्म की तलाश शुरु की गई है। इसके अलावा 4 अन्‍य प्रोजेक्‍ट के लिए भी टेंडर जारी किए गए हैं।

उत्‍तर प्रदेश के लिए प्रोजेक्‍ट

उत्‍तर प्रदेश में अभी सिर्फ एक प्रोजेक्‍ट का काम शुरु किया गया है। अलीगढ़ से कानपुर सेक्‍शन में फोर लेनिंग के काम के लिए टेंडर जारी किए गए हैं। लगभग 61 किलोमीटर लंबे इस रुट पर 1227 करोड़ 14 लाख रुपए के खर्च का अनुमान लगाया गया है। इसके अलावा राजस्‍थान में तीन और तेलंगाना में 4 प्रोजेक्‍ट्स के लिए टेंडर जारी किए गए हैं।