बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट ने फैशन टेक स्टार्ट अप 'स्टाइलक्रेकर' में कुछ राशि का निवेश किया है और इस प्रकार वे निवेश करने वाली नवीनतम सेलिब्रिटी बन गयी हैं। यह कंपनी चार वर्ष पुरानी है जो अपने ग्राहकों को सेलिब्रिटी स्टाइलिस्ट द्वारा बनाये गए पर्सनलाइज्ड फैशन बॉक्स की सुविधा देती है। 24 साल की इस अभिनेत्री ने निवेशकों के साथ मिलकर प्री सीरीज ए फंडिंग के तहत कंपनी में निवेश किया है।

Advertisement

दिमाग नहीं दिल से किया है निवेश

इकोनॉमिक्‍स टाइम्‍स की रिर्पोट के अनुसार आलिया भट्ट का कहना है कि इसमें मैंने निवेश दिल से किया है, दिमाग से नहीं। मैं बहुत अधिक सक्रिय रूप से निवेश नहीं करती परन्तु अर्चना कई सालों से मेरी स्टाइलिस्ट रही है और जब मुझे स्टाइलक्रेकर के बारे में पता चला तो मुझे यह बहुत ही तर्कपूर्ण लगा।

कंपनी के संस्‍थापक ने भी खरीदे स्‍टैक

इसके बाद कंपनी के संस्थापक धीमान शाह, एक पूर्व इन्वेस्टमेंट बैंकर और वोग पत्रिका की पूर्व फैशन एडीटर अर्चना वालावलकर ने भी स्टाइलक्रेकर में संयुक्त रूप से 65% स्टैक खरीदे। भट्ट और अन्य निवेशक जिसमें कुछ इन्वेस्टमेंट बैंकर, एक इक्विटी कंपनी के पूर्व ट्रेडिंग हेड और एक फंड मैनेजर शामिल हैं जिनके पास बचे हुए स्टैक रहेंगे।

पहली टेक फैशन र्स्‍टाटअप कंपनी है

स्टाइलक्रेकर के एमडी शाह ने बताया कि कंपनी अपनी तरह की पहली टेक-फैशन स्टार्टअप कंपनी है हम अपने ग्राहकों को स्टाइल संबंधी सलाह देते हैं। हम पहले से ही 60-65% पुनरावृत्ति व्यवसाय देख रहे हैं और इस तरह की फंड रेजिंग से हमें आगे बढ़ने में सहायता मिलेगी।

केवल महिला ग्राहकों को मिल रही है सेवा

वर्तमान में कंपनी केवल महिला ग्राहकों को ही सेवा प्रदान करती है। शाह ने बताया कि "बहुत ही जल्दी हम इसी तरह के प्रोडक्ट्स अपने पुरुष ग्राहकों के लिए भी लायेंगे। सभी को स्टाइलिस्ट की ज़रूरत होती है।" क्रिएटिव डाइरेक्टर वालावलकर ने बताया कि स्टाइलक्रेकर एक प्लेटफॉर्म है जो ग्राहकों की ज़रूरत को समझता है, उनका प्रोफाइल बनाता है और फिर वार्डरोब बनाता है जो मूड या अवसर के अनुसार होता है।

एक महीने में 10 लाख ग्राहकों को मिल रही है सेवा

चार महीने पहले स्टाइलक्रेकर ने कस्टमाइज्ड बॉक्स लॉन्च किये हैं। इनकी कीमत रूपये 2,999, 4,999 और 6,999 है जिसमें कपडे, उनके साथ पहने जाने वाली एसेसरीज़, कॉस्मेटिक्स और फुटवेयर शामिल है। छोटे शहरों से हमें 4,999 रूपये और 6,999 रुपयों के बॉक्स के अधिक ऑर्डर मिल रहे है। उन्होंने बताया कि कंपनी एक महीने में दस लाख ग्राहकों को सेवा दे सकती है।