अप्रैल तक पूरे देश में इंडिया पोस्‍ट पेमेंट बैंक की सेवाएं शुरु हो सकती हैं। इंडिया पोस्‍ट पेमेंट बैंक की शाखाएं 650 जिलों में खोल दी जाएंगी। ये सभी शाखाएं ग्रामीण डाकघरों से जुड़ी होंगी। इसके बाद यह देश में सबसे बड़ा बैकिंग नेटवर्क होगा। इस बात की जानकारी संचार मंत्री मनोज सिंहा ने दी।

Advertisement

डेढ़ लाख शाखाओं में खुलेंगे पेमेंट बैंक

आपको बता दें कि इंडिया पोस्‍ट पेमेंट बैंक की शाखाएं रायपुर एवं राची में चालू भी हो चुकी हैं। देश में डेढ़ लाख से अधिक डाक घर हैं। इन सभी में पेमेंट बैंक शाखा के रुप में कार्य शुरु होने की संभावना है। अभी तक निजी क्षेत्र में एयरटेल और पेटीएम ने अपना पेमेंट बैंक लांच किया है। एयरटेल पेमेंट बैंक से 2.50 लाख दुकानदार उसके नेटवर्क से जुड़कर सेवाएं दे रहे हैं।

कोई भी व्‍यक्ति खुलवा सकता है खाता

खास बात यह है कि पेमेंट बैंक में प्रत्‍येक खाताधारक से एक लाख रुपए तक की जमा राशि स्‍वीकार कर सकते हैं। कोई भी व्‍यक्ति या व्‍यावसायिक प्रतिष्‍ठान इसमें खाता खुलवा सकता है। पेमेंट बैंकों का संचालन सामान्‍य बैंकों के मुकाबले थोड़ा अलग ढ़ंग से होता है। यह केवल जमा एंव विदेशों से भेजी जाने वाली विदेशी मुद्रा स्‍वीकार कर सकते हैं। इसके अलावा इन्‍हें इंटरनेट बैंकिंग एवं अन्‍य विशिष्‍ट सेवाएं प्रदान करने का अधिकार होता है।

ब्‍याज दर

इंडिया पोस्‍ट पेमेंट बैंक 25 हजार रुपए तक की जमा पर 4.5 प्रतिशत की दर से ब्‍याज अदा करता है। जबकि 25 हजार से 50 हजार रुपए की राशि पर ब्‍याज दर 5 फीसदी और 50 हजार से एक लाख रुपए की जमा पर 5.5 फीसदी है।

नित नए उपक्रम लाता है डाक विभाग

संचार मंत्री मनोज सिंहा के अनुसार डाक विभाग अपनी आमदनी बढ़ाने के लिए नित नए उपक्रम कर रहा है। डाक टिकट संग्रह करने के शौकीन बच्‍चों को प्रोत्‍साहित कर रहा है। इस साल की छात्रवृत्ति के लिए चयनित छठी से नौवीं क्‍लास तक के छात्रों के लिए 14 नवंबर बाल दिवस के दिन पुरस्‍कृत किया जाएगा।