केंद्र सरकार ने मंगलवार को कई एलान किए जिसमें 9 लाख करोड़ रुपए का आर्थिक सुधार पैकेज भी शामिल है। वहीं सरकार ने किसानों को भी थोड़ी राहत दी है। सरकार ने गेहूं और दाल के समर्थन मूल्य यानि कि एमएसपी बढ़ा दी है।

Advertisement

केंद्र की मोदी सरकार ने गेहूं और दालों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में क्रमश: 110 रुपये और 200 रुपये की बढ़ोतरी की है, ताकि किसान इसकी ज्यादा से ज्यादा खेती के लिए प्रोत्साहित किया जा सके। जानकार सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (CCEA) ने वित्तवर्ष 2017-18 के लिए रबी फसलों के लिए MSP में बढ़ाने का फैसला किया है।

Advertisement

न्यूनतम समर्थन मूल्य के माध्यम से सरकार बाजार में हस्तक्षेप कर खाद्यान्न की कीमतों में तेज गिरावट से किसानों को बचाती है, जिससे देश में खाद्यान्नों की पर्याप्त खेती सुनिश्चित होती है। ज्यादा पैदावार होने से दालों खास तौर से अरहर की बिक्री एमएसपी से कम कीमत में की गई।

तेलंगाना, महाराष्ट्र और कर्नाटक जैसे प्रमुख उत्पादक राज्यों में दालों खासतौर से अरहर की कीमत एमएसपी से कम 5,050 रुपये प्रति क्विंटल तक गिर गई थी। इस गिरावट से किसान भी निराश थे, उन्हें पैदावार की वह कीमत नहीं मिल रही थी जो बाजार में किसी और रिटेलर को मिल रही थी। अब सरकार के इस फैसले से किसानों को बड़ी राहत मिल सकती है।