पैन, मोबाइल, बैंक अकाउंट नंबर आदि के लिंक होने के बाद अब जल्‍द ही ड्राइविंग लाइसेंस भी आधार नंबर से लिंक होगा। सरकार इस काम को करने की तैयारी में लग चुकी है। सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रवि शंकर ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि हम ड्राइविंग लाइसेंस को भी आधार से लिंक करने पर विचार कर रहे हैं। उन्‍होंने यह भी बताया कि इस संबंध में उन्‍होंने परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से भी बात इस बारे में की है।

Advertisement

नहीं बन पाएंगे डुप्‍लीकेट लाइसेंस

डिजीटल हरियाणा समिति 2017 कार्यक्रम में रविशंकर प्रसाद ने कहा कि हमने मनी लॉन्ड्रिंग रोकने के लिए पैन को आधार कार्ड से लिंक कराया। अगर ड्राइविंग लाइसेंस को आधार से जोड़ दिया जाता है, तो इससे डुप्‍लीकेट लाइसेंस की संख्‍या पर लगाम कसने में मदद मिलेगी। उन्‍होंने कहा कि आधार फिजीकली नहीं बल्कि आपकी डिजिटल आइडेंटटी है। डिजिटल गवर्नेंस अच्‍छा शासन होता है, डिजिटल डिलेवरी सबसे फास्‍ट होती है।

रविशंकर प्रसाद पहले भी इस बारे में कर चुके हैं बात

इससे पहले भी रविशंकर प्रसाद ड्राइविंग लाइसेंस को आधार से जोड़ने की बात कह चुके हैं। उस समय उन्‍होंने कहा था कि ऐसा इसलिए किया जाएगा ताकि डुप्‍लीकेट लाइसेंस की संख्‍या कम की जा सके। इसका एक फायदा यह भी होगा कि जो डुप्‍लीकेट लाइसेंस लेने के बाद शराब पीकर गाड़ी चलाते हैं, उन पर शिकंजा कसना आसान हो जाएगा।

पैन, मोबाइल, आधार से लिंक करना हो चुका है अनिवार्य

केंद्र सरकार इससे पहले पैन कार्ड और मोबाइल नंबर को आधार से लिंक करना अनिवार्य कर चुकी है। इसी तरह सरकार ने मोबाइल नंबर को आधार से लिंक करने को भी अनिवार्य कर दिया है। अगले साल फरवरी से पहले अगर आप ने ऐसा नहीं किया तो आपका मोबाइल नंबर बंद हो सकता है।