एपल एक ऐसा नाम है जिसे किसी पहचान की जरूरत नहीं है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एपल आइफोन के किसी फोन की लॉन्चिंग पर देर रात से ही लंबी-लंबी लाइन लग जाती हैं। अब एपल एक और कीर्तिमान रचने जा रहा है। एपल अब 1000 अरब डॉलर की कीमत के साथ दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी बनने जा रहा है।

Advertisement

1000 अरब डॉलर की कंपनी

एपल की आगामी आईफोन 8 डिवाइस की बिक्री से अमेरिका की कपर्टिनो की यह दिग्गज कंपनी दुनिया की पहली कंपनी बन सकती है, जिसका बाजार मूल्य 1000 अरब डॉलर होगा। मार्केट वॉच में बुधवार देर रात प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक, एपल की तीसरी तिमाही के नतीजों के घोषणा के बाद से ही कंपनी के बाजार पूंजीकरण में 56 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई है।

एपल के शेयरों में तेजी रहेगी

निवेश सेवा कंपनी आरबीसी कैपिटल के विश्लेषकों ने अनुमान लगाया है कि एपल के शेयरों में यह तेजी जारी रहेगी, क्योंकि एपल सितंबर के मध्य में अपना फ्लैगशिप डिवाइस आईफोन 8 लांच करने जा रही है। आरबीसी के विश्लेषकों का कहना है कि आईफोन 8 के लांच से कंपनी को काफी फायदा होगा।

एपल में है क्षमता

प्रमुख विश्लेषक अमित दरयानानी के हवाले से बताया गया, "एपल में 1000 अरब डॉलर की बाजार पूंजीकरण हासिल करने की क्षमता है और यहां तक कि अगले 12 से 18 महीनों में इससे भी ज्यादा बढ़ने की क्षमता है।"

12 डॉलर प्रति शेयर के मुनाफे की उम्मीद

विश्लेषकों का कहना है कि नए आईफोन के मॉडल से प्रति शेयर 12 डॉलर तक का मुनाफा होगा। इस उच्च कीमत के प्रीमियम मॉडल से मुनाफा बढ़ेगा, लागत पर नियंत्रण और शेयर बायबैक से कंपनी के मूल्य में और वृद्धि होगी।

192 डॉलर तक जा सकते हैं मूल्य

जानकारों का कहना है कि एपल के शेयरों की कीमत वर्तमान स्तर 160 डॉलर से बढ़कर 192 डॉलर तक हो सकती है। यह कंपनी द्वारा शेयर बायबैक की दर पर निर्भर करता है। इस तरह एपल का बाजार मूल्य 1000 अरब डॉलर तक पहुंच जाएगा।