कल रात से एक खबर बहुत ही जोरों से लोगों की बीच फैल रही है वह यह है कि जियो के किसी कस्‍टमर का डाटा लीक हो गया है और यह डाटा magicapk.com वेबसाइट पर दिखाया जा रहा है। लोगों का यह तक कहना था कि यूजर ने खुद ट्वीटर पर इससे संबंधित ट्वीट किया है। लेकिन रिलायंस जियो ने एक स्‍टेटमेंट जारी कर अपना डाटा हैक होने से इनकार किया है। Jio का कहना है कि उसके कस्‍टमर का डाटा पूरी तरह से सुरक्षित है।

Advertisement

वेबसाइट है बंद

अपने डाटा के हैक होने की खबरों का खंडन करते हुए जियो की ओर से कहा गया है कि जिस वेबसाइट पर जियो के कस्‍टमर का डाटा हैक होने का दावा किया जा रहा था उसे अब बंद कर दिया गया है। magicapk.com ने यह दावा किया था कि उसने जियो के डाटा को हैक कर लिया है। साथ ही डाटा हैकिंग की तस्‍वीरों को भी कंपनी ने अपनी वेबसाइट पर जारी किया था। वेबसाइट का दावा था कि जियो के उपभोक्‍ताओं की निजी जानकारियां उसी वेबसाइट पर हैं।

भारत में ही रजिस्‍टर है वेबसाइट

जियो का कहना है कि यह वेबसाइट बंद कर दी गई है। इस वेबसाइट का डोमेन भारत में रजिस्‍टर है लेकिन डोमेन रजिस्‍टर से जुड़ी सर्विस के बारे में कोई जानकारी नहीं है। जियो का यह भी कहना है कि इससे संबंधित जानकारी वो पुलिस को भी दे चुके हैं।

वेबसाइट का दावा है गलत

जियो की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि वेबसाइट के दावे गलत और निराधार हैं। हम अपने कस्‍टमर्स को यह भरोसा देना चाहते हैं कि उनका डाटा सुरक्षित है और हम इसकी गोपनीयता बनाए रखेंगे। जरुरत पड़ने पर कस्‍टमर्स के डाटा को सिर्फ प्रशासन के साथ ही साझा किया जाएगा।

कैसे हो सकता है डाटा लीक

एक्‍सपर्ट का मानना है कि जियो सिम आधार नंबर देने पर प्रदान की गई है। अगर आधार नंबर लीक हो गया तो आधार नंबर से जुड़ी सारी जानकारी लीक हो सकती है। इसलिए यह संभावना जताई जा रही है कि जियो के डाटा सचमुच लीक हो सकते हैं।