भारतीय रिजर्व बैंक ने शुक्रवार को कहा कि देश का विदेशी मुद्रा भंडार 11 नवंबर को समाप्त सप्ताह में 1.190 अरब डॉलर घटकर 367.041 अरब डॉलर रह गया। इस गिरावट का कारण विदेशी मुद्रा आस्तियों में कमी आना था। इससे पूर्व के सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार 1.074 अरब डॉलर बढ़कर 368.231 अरब डॉलर हो गया था।

Advertisement

इस वर्ष 30 सितंबर को समाप्त सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 371.99 अरब डॉलर के रिकॉर्ड उच्च स्तर को छू गया था। रिजर्व बैंक ने कहा कि समीक्षाधीन सप्ताह में कुल विदेशी मुद्रा भंडार का महत्वपूर्ण हिस्सा विदेशी मुद्रा आस्तियां, (एफसीए) 1.155 अरब डॉलर घटकर 342.772 अरब डॉलर रह गया।

Advertisement

डॉलर में अभिव्यक्त किए जाने वाले विदेशी मुद्रा आस्तियां भंडार में रखे यूरो, पौंड और येन जैसी गैर अमेरिकी मुद्राओं की मूल्यवृद्धि और अवमूल्यन के प्रभावों को भी अभिव्यक्त करती हैं। रिजर्व बैंक ने कहा कि स्वर्ण आरक्षित भंडार 20.460 अरब डॉलर पर स्थिर बना रहा।