जापान के सॉफ्टबैंक को भारत में अपने निवेश पर 58.14 अरब येन (56 करोड़ डॉलर) का नुकसान हुआ है। सॉफ्टबैंक ने ऐप आधारित टैक्सी सेवा कंपनी OLA और ई-कामर्स कंपनी स्नैपडील सहित कई कंपनियों में निवेश किया हुआ है।

Advertisement

साफ्टबैंक के 30 सितंबर को समाप्त छमाही के लिए जारी आय के आंकड़ों के अनुसार भारत में उसे अपने निवेश पर 58.14 अरब येन का घाटा हुआ है। इसमें OLA का परिचालन करने वाली एएनआई टेक्नोलॉजीज तथा ई-कामर्स मार्केटप्लेस स्नैपडील का संचालन करने वाली जैस्पर इन्फोटेक में किया गया निवेश शामिल है। इसमें से 29.62 अरब येन का घाटा मुद्रा में उतार-चढ़ाव की वजह से हुआ है।

Advertisement

जापान की कंपनी ने OLA में 21 करोड़ डॉलर तथा अक्तूबर, 2014 में स्नैपडील में 62.7 करोड़ डॉलर का निवेश किया था। इसके बाद भी उसने इन कंपनियों में और निवेश किया। सॉफ्टबैंक ने अभी तक भारत में दो अरब डॉलर का निवेश किया है। इसी साल कंपनी ने कहा था कि वह अगले पांच से दस साल में भारत में अपना निवेश 10 अरब डॉलर पर पहुंचाएगी।

Advertisement

पिछले महीने कंपनी ने सउदी अरब के सार्वजनिक निवेश कोष के साथ नया कोष बनाने की घोषणा की थी। कंपनी का इरादा अगले पांच साल में वैश्विक प्रौद्योगिकी उद्योग में 100 अरब डॉलर का निवेश करना है। सॉफ्टबैंक समूह के मुख्य कार्यकारी मासायोशी सन ने नतीजों की घोषणा के बाद कहा, कि उनका लक्ष्य प्रौद्योगिकी उद्योग का वारेन बफे बनने का है, हम प्रौद्योगिकी क्षेत्र का बर्कशायर हैथवे बनना चाहते हैं।