उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की महत्वाकांक्षी परियोजना लखनऊ मेट्रो अब पूरी होने वाली है। दिल्ली बैंगलोर और हैदरबाद के बाद लखनऊ मेट्रो भी शुरु हो रही है। 814 करोड़ रुपए की उत्तरप्रदेश सरकार की बजट राशि, 3,336 करोड़ रुपए यूरोपीय निवेश बैंक और केंद्र सरकार द्वारा दिए बजट में लखनऊ मेट्रो को तैयार किया गया है। सीएम अखिलेश यादव इस परियोजना को अपना कार्यकाल खत्म होने से पहले शुरु करना चाह रहे थे।

Advertisement

1 दिसंबर से होगा ट्रायल

लखनऊ मेट्रो के लिए पहले तय तारीख 31 अक्टूबर रखी गई थी लेकिन बाद में इसे बढ़ाकर 1 दिसंबर कर दिया गया है। अब लखनऊ मेट्रो का पहला ट्रायल 1 दिसंबर को होगा। इससे पहले 20 नवंबर तक लखनऊ मेट्रो के लिए ऑर्डर किए गए कोच लखनऊ पहुंच जाएंगे। समाचार सूत्रों के मुताबिक लखनऊ मेट्रो के प्रबंध निदेशक कुमार केशव के बताया कि, लखनऊ मेट्रो का 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है, प्रस्तावित ट्रायल एक दिसंबर को है, जिसमें बस डेढ़ महीना बचा है। ऐसे में मेट्रो अधिकारियों ने 20 नवंबर तक हर हाल में मेट्रो की पहली ट्रेन लाने के लिए कमर कस ली है।

अंतिम चरण में हैं काम

प्रबंध निदेशक ने कहा कि मेट्रो की सुरक्षा का जिम्मा उत्तर प्रदेश पुलिस व निजी एजेंसियों को सौंपा जा चुका है। लखनऊ मेट्रो के कोच चेन्नई स्थित श्री सिटी में बनाए जा रहे हैं। अभी तक मवैया स्पेशल स्पैन को छोड़कर मेट्रो का सिविल वर्क पूरा हो चुका है और स्टेशनों पर फिनिशिंग का काम अंतिम चरण में हैं।

स्टेशन पर होगी टिकट वेंडिंग मशीन

हर मेट्रो स्टेशन पर दो टिकट वेंडिंग मशीन लगाई जाएंगी। अब तक मेट्रो स्टेशन पर यात्रियों को टिकट खिड़की से टिकट लेना होता था लेकिन लखनऊ मेट्रो में पहली बार टिकट वेंडिंग मशीन लगाई जाएगी। इसके अलावा लखनऊ मेट्रो के लिए स्मार्ट कार्ड की भी व्यवस्था होगी। हर स्टेशन पर दो स्मार्टकार्ड रिचार्ज मशीनें लगी होंगी।

कैसी होगी लखनऊ मेट्रो

दिल्ली मेट्रो के बारे में तो पूरा देश जान चुका है। दिल्ली मेट्रो ने मेट्रो ट्रेन परिसंचालन में एक मानक तय किया है जिसे अब बाकी देश के अन्य मेट्रो ट्रेन चालाने वाले शहर अपना रहे हैं। लखनऊ मेट्रो दिल्ली मेट्रो से कैसे अलग है ये सवाल कई लोगों के मन में है। दिल्ली और अन्य शहरों में दौड़ रहीं मेट्रो से कुछ ख़ास फीचर देखने को मिलेंगे लखनऊ मेट्रो में। लखनऊ मेट्रो में डिस्क ब्रेक सिस्टम होगा जिससे चिन्हित जगह मेट्रो को रोक जा सकेगा साथ ही एक्सलेरेशन भी बेहतर होगा।

अन्य सुविधाएं

पैसेंजरों की सहूलियत के लिए एलईडी नोटिस बोर्ड के साथ साथ एलसीडी बोर्ड भी लगाए जाएंगे। एक कोच में लगने वाले बोर्ड की संख्या भी ज़्यादा होगी। लखनऊ मेट्रो का लुक दिल्ली मेट्रो से अलग होगा और इसके कोच दिल्ली मेट्रो से हल्के होंगे। लखनऊ मेट्रो ट्रेन में चार डिब्बे होंगे, पूरी ट्रेन में एक तरफ 186 और दूसरी तरफ भी इतनी ही सीटें होंगी, यानी ट्रेन में कुल 372 सीटें होंगी और पूरी ट्रेन में एक बार में 1100 लोग यात्रा कर सकेंगे।

कहां-कहां चलेगी मेट्रो

मेट्रो के पहले फेज में ट्रांसपोर्ट नागर से चारबाग 16 किलोमीटर तक ट्रैक बिछाया जा चुका है। पहले फेज में चारबाग से आलमबाग तक लखनऊ मेट्रो का संचालन किया जाएगा बाद में इसे बढ़ाते हुए अमौसी से कुर्सी मार्ग, बड़ा इमामबाड़ा से सुल्तानपुर मार्ग, पीजीआई से राजाजीपुरम और हज़रतगंज से फैज़ाबाद मार्ग तक विस्तार दिया जाएगा।

अगले साल से शुरू होगी मेट्रो

लखनऊ मेट्रो से जुड़े अधिकारियों को उम्मीद है कि अगले वर्ष 25 मार्च से लखनऊ मेट्रो का परिचालन शुरु हो जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि लखनऊ मेट्रो के स्मार्टकार्ड धारकों को ऑनलाइन स्मार्ट कार्ड रीचार्ज करने की भी सुविधा दी जाएगी।