मुंबई। स्पेन के बैंकों को संकट से उबारने के लिए यूरो क्षेत्र के वित्त मंत्रियों के बीच एक समझौते पर सहमति बनने के बाद वैश्विक शेयर बाजारों में आई तेजी से स्थानीय बाजार झूम उठे और बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 226 अंक उछलकर चार माह के उच्च स्तर पर पहुंच गया।

पिछले कारोबारी सत्र में 129 अंक गंवाने वाला सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में कुछ दबाव में था। हालांकि यूरोपीय संघ से समझौते पर सहमति बनने की खबर आने के बाद सेंसेक्स में तेजी का रुख बना और यह 226.37 अंक सुधरकर 17,618.35 अंक पर बंद हुआ।

Advertisement

इसी तरह, नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी 70.20 अंक मजबूत होकर 5,345.35 अंक पर पहुंच गया। ब्रसेल्स में यूरो..क्षेत्र के नेताओं ने घोषणा की कि स्पेन को अपने घाटे में कटौती करने के लिए 2014 तक का समय दिया गया है। सेंसेक्स के 30 में से 28 कंपनियों के शेयर बढ़त लेकर बंद हुए। इससे पहले सेंसेक्स 15 मार्च को 17,675.85 अंक पर बंद हुआ था।

Advertisement

इनवेंचर ग्रोथ एंड सिक्योरिटीज के अनुसंधान प्रमुख मिलन बाविशी ने कहा, यूरोजोन से खबर शेयर बाजारों के लिए सकारात्मक रही। रुपया में भी तेज सुधार दर्ज किया गया। बैंकों और वित्तीय क्षेत्र की कंपनियों के तिमाही नतीजे बेहतर रहने की उम्मीद से भी बाजार की धारणा में सुधार आया।