मुंबई। एशियाई बाजारों में तेजी के रुख के बीच फंडों की लिवाली से बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 92 अंक से अधिक की बढ़त के साथ खुला। तीस शेयरों वाला सेंसेक्स 92.15 अंक की बढ़त लेकर 17,517.86 अंक पर खुला।

कल सेंसेक्स महज 26.73 अंक मजबूत होकर बंद हुआ था। इसी तरह, नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी 28.45 अंक मजबूत होकर 5,316.40 अंक पर खुला। ब्रोकरों ने कहा कि सरकार द्वारा पिछले सप्ताह अर्थव्यवस्था में तेजी लाने और रुपया में गिरावट थामने के लिए की गई घोषणाओं का असर अब भी बाजार पर बना हुआ है।
आपको बता दें कि बीते दिन उतार-चढ़ाव वाले कारोबार के बीच बंबई शेयर बाजार ने शुरुआती लाभ गंवा दिया और अंत में यह मात्र 27 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ। वैश्विक रुख में मजबूती के बीच टिकाउ उपभोक्ता सामान, दूरसंचार तथा रीयल्टी कंपनियों के शेयरों में तेजी रही, जबकि आईटी तथा एफएमसीजी कंपनियों के शेयरों में मुनाफावसूली देखने को मिली।

Advertisement

कारोबार के दौरान एक समय सेंसेक्स अपने 10 सप्ताह के शीर्ष स्तर 17,526.82 अंक पर पहुंच गया था। अंत में यह मात्र 26.73 अंक की बढ़त के साथ 17,425.73 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 9.35 अंक की बढ़त के साथ 5,287.95 अंक पर बंद हुआ था।