मुंबई। उतार-चढ़ाव वाले कारोबार के बीच बंबई शेयर बाजार ने आज शुरुआती लाभ गंवा दिया और अंत में यह मात्र 27 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ। वैश्विक रुख में मजबूती के बीच टिकाउ उपभोक्ता सामान, दूरसंचार तथा रीयल्टी कंपनियों के शेयरों में तेजी रही, जबकि आईटी तथा एफएमसीजी कंपनियों के शेयरों में मुनाफावसूली देखने को मिली।

कारोबार के दौरान एक समय सेंसेक्स अपने 10 सप्ताह के शीर्ष स्तर 17,526.82 अंक पर पहुंच गया था। अंत में यह मात्र 26.73 अंक की बढ़त के साथ 17,425.73 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 9.35 अंक की बढ़त के साथ 5,287.95 अंक पर बंद हुआ।

Advertisement

सेंसेक्स के 30 शेयरों में भारती एयरटेल, हिंडाल्को, एचडीएफसी और कोल इंडिया सहित 16 में लाभ रहा, वहीं भेल, जिंदल स्टील, टीसीएस तथा आईटीसी सहित 14 कंपनियों के शेयरों में नुकसान दर्ज हुआ।

Advertisement

ब्रोकरों ने कहा कि सुबह के सत्र में रुपये के एक माह के उच्च स्तर 54.86 रुपये प्रति डालर पर पहुंचने से कारोबारी धारणा में सुधार हुआ। लेकिन मानसून को लेकर चिंता गहरा रही है।

कृषि मंत्री शरद पवार ने कहा कि दो जुलाई तक मानसून की बारिश औसत से 31 फीसद कम रही है। बोनान्जा पोर्टफोलियो की वरिष्ठ अनुसंधान विश्लेषक शानू गोयल ने कहा, दोपहर के कारोबार में बाजार में उतार-चढ़ाव का सिलसिला शुरू हो गया और सेंसेक्स नुकसान में पहुंच गया। हालांकि अंतिम आधे घंटे में इसमें सुधार हुआ और अंत में बाजार सीमित लाभ के साथ बंद हुआ।