मुंबई। अर्थव्यवस्था को नरमी से उबारने और गिरते रुपये को संभालने के लिए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह द्वारा उपाय किए जाने की उम्मीद में हुई लिवाली से आज तीसरे दिन शेयर बाजार में तेजी का रुख रहा और बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 23 अंक सुधरकर बंद हुआ।

तीस शेयरों वाला सेंसेक्स 23 अंक मजबूत होकर 16,990.76 अंक पर टिका रहा। पिछले दो कारोबारी सत्रों में सेंसेक्स 86 अंक मजबूत हुआ। सेंसेक्स में शामिल 30 में से 15 कंपनियों के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी 7.25 अंक सुधरकर 5,149.15 अंक पर बंद हुआ।

Advertisement

कारोबार के दौरान निफ्टी ने दिन के उच्च स्तर 5,159.05 को छूआ। प्रधानमंत्री सिंह द्वारा अर्थव्यवस्था में जान फूंकने के लिए कदम उठाने का कल आह्वान करने के बाद आज शीर्ष अधिकारियों ने विभिन्न मंत्रालयों के सचिवों के साथ स्थिति का जायजा लिया।

Advertisement

बोनांजा पोर्टफोलियो की वरिष्ठ अनुसंधान विश्लेषक शानू गोयल ने कहा, प्रधानमंत्री द्वारा वित्त मंत्रालय का प्रभार अपने पास रखने की रपटों से देश में धारणा सुधरी। हालांकि, डेरिवेटिव्ज कारोबार के सौदे निपटाने का आज अंतिम दिन होने के चलते बाजार में उतार-चढ़ाव खूब रहा।