मुंबई मजबूत वैश्विक रुख के बीच बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 37 अंक की हल्की बढ़त लेकर बंद हुआ। विदेशी बाजारों में इस उम्मीद में तेजी रही कि अमेरिका का फेडरल रिजर्व अपनी अर्थव्यवस्था को नरमी से उबारने के लिए रिण और सस्ता करने के कदम उठा सकता है। पिछले सत्र में 154 अंक मजबूत रहने वाला सेंसेक्स आज 36.83 अंक चढ़कर 16,896.63 अंक पर बंद हुआ।

इस दौरान, धातु, मशीनरी और स्वास्थ्य क्षेत्र की कंपनियों के शेयरों में तेजी दर्ज की गई। इसी तरह, नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी 16.70 अंक मजबूत होकर 5,120.55 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह दिन के उच्च स्तर 5,141.70 अंक को छूआ था।

Advertisement

ब्रोकरों ने कहा कि फेडरल रिजर्व अमेरिकी अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर में तेजी लाने के लिए उपायों की आज घोषणा कर सकता है, इस उम्मीद में निवेशकों ने लिवाली की।ब्रोकिंग फर्म इनवेंचर ग्रोथ एंड सिक्योरिटीज के अनुसंधान प्रमुख मिलन बाविशी ने कहा, चुनिंदा शेयरों में लिवाली देखने को मिली फेडरल रिजर्व के निर्णय कल बाजार को प्रभावित कर सकते हैं।

Advertisement

एशियाई बाजारों में हांगकांग, जापान, कोरिया और इंडोनेशिया के सूचकांक 0.3 से 1.2 प्रतिशत के दायरे में तेजी के साथ बंद हुए, जबकि यूरोपीय बाजारों में फ्रांस, जर्मनी और ब्रिटेन के सूचकांक उपर कारोबार कर रहे थे। बंबई शेयर बाजार के सेंसेक्स में शामिल 30 में से 18 कंपनियों के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 12 कंपनियों के शेयर भाव में गिरावट दर्ज की गई।