उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए लगातार योजनाएं बना रही है, जिससे किसानों की आय को दोगुना किया जा सके। किसानों के लिए कई तरह की योजनाएं भी प्रदेश की सरकार चला रही है। प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि कृषि के क्षेत्र में तकनीक के उपयोग को लगातार बढ़ाने की हमारी कोशिश है। इसकी मदद से फसलों का डिजिटल सर्वे कराया जाएगा।

Advertisement

कृषि मंत्री ने रबि 2023-24 ई-खसरा पड़ताल एवं परिवर्धित मोबाइल ऐप का शुभारंभ किया है। इसके तहत कृषि पारिस्थितिकी तंत्र का डिजिटल रूप तैयार किया जाता है। भारत सरकार ने खरीफ 2023 में 10 राज्यों में इस पायलट प्रोजेक्ट को सफलतापूर्वक पूरा किया है। जिसमे उत्तर प्रदेश का काम सबसे अच्छा रहा है। अब केंद्र सरकार एग्रीस्टैक योजना के प्रबंधन के तहत प्रदेश सरकार को पूरी प्रौद्योगिकी सौंपने जा रही है।

Advertisement

उत्तर प्रदेश के 75 जनपदों में सर्वेक्षण का कार्य किया जा रहा है। जनपदों में शत प्रतिशत फसल सर्वेक्षण का काम मोबाइल ऐप के जरिए किया जा रहा है। इसके जरिए खसरा की पड़ताल की जा रही है। प्रदेश के सभी 75 जनपदों में 110221 राजस्व ग्राम में तकरीबन 7.87 करोड़ से अधिक गाटे शामिल हैं। इसमे 95270 राजस्व ग्रामों का नक्शा जियो रेफरेंस है। सभी जनपदों में 15 फरवरी तक इस काम को पूरा कर लिया जाएगा।