Madhya Pradesh News: मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सागर संभागीय मुख्यालय में संभागीय समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड को औद्योगिक हब के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को समन्वयपूर्वक कार्य करने की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि औद्योगिक रूप में विकसित करने पर क्षेत्र में अधिक से अधिक रोजगार सृजित होंगे और अधिकतम लोगों को रोजगार के अवसर सुलभ होंगे। उन्होंने पुलिस विभाग के अधिकारियों को अपने-अपने जिलों में शराब की बिक्री और जुएं-सट्टे पर सख्ती से कार्रवाई के निर्देश दिए।
सीएम यादव ने आज सागर संभाग की कानून एवं व्यवस्था तथा विकास कार्यो की समीक्षा में निर्देशित किया कि सभी कलेक्टर जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर अपने-अपने जिले के विकास की कार्य योजना तैयार करें। उन्होंने कहा कि सागर में आगामी जून माह से राज्य स्तर का विश्वविद्यालय प्रारंभ होगा।
कॉलेज अपने-अपने स्तर पर रोजगारमूलक विषय प्रारंभ करेगें, जिससे शिक्षा के साथ रोजगार के अवसर भी मिल सकेंगे। कहा कि सभी कलेक्टर एवं जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्र में जनहित में जो भी कार्य आवश्यक है, उनको प्राथमिकता के साथ पूरा करें और नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में लगातार प्रयास करें।
उन्होंने कहा कि बैंडबाजा वालों को प्रोत्साहन देने के लिए उनकी प्रतियोगिताएं करायें। डीजे वालों के लिए केवल दो बाक्स आधारित साउंड की अनुमति प्रदान की जावे। सीएम मोहन यादव ने कहा कि मांस, मछली, अंडा का विक्रय कवर्ड परिसर में ही किया जावे। इसके लिए सभी का पंजीयन आवश्यक हो।
उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में मांस, मछली, अंडा का खुले में विक्रय न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। सीएम ने समीक्षा बैठक में ही सभी कलेक्टर एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने जिले के विधायकों सहित अन्य जनप्रतिनिधियों को सम्मान दे तथा शिष्टाचार का निर्वहन करें। साथ ही उनके द्वारा बताए गए कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करें।
सीएम ने कहा कि हर व्यक्ति को योजना से लाभान्वित करने के पीएम मोदी के सपने को साकार करने के लिए निकली विकसित भारत संकल्प यात्रा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। कहा कि विधायकों की कठिनाइयों के निराकरण के लिए सभी संभागों में दो-दो वरिष्ठ अधिकारियों को तैनात किया गया है।
विधायकों की जो भी कठिनाई होगी, उसके निराकरण में वरिष्ठ अधिकारी सहयोग करेंगे। आपसी तालमेल से समस्याओं का हल किया जाए। इतना ही नहीं, सीएम ने निर्देश दिए कि कलेक्टर विधायकों के साथ में जिलों में बैठक कर उनसे प्रस्ताव लेकर चर्चा करें। जनता की मांगों के अनुरूप प्रस्ताव तैयार कर योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
More Articles
- भारी बारिश का अलर्ट: बाढ़ में डूबी कार को स्टार्ट न करें, क्लेम पाने का सही तरीका जानें
- Manipal Health IPO: ₹9,275 करोड़ का बड़ा दांव, क्या आपको अप्लाई करना चाहिए?
- US Fed का फैसला आज रात: क्या भारतीय बाजार में आएगी बड़ी हलचल? जानें ट्रेडर्स के लिए खास रणनीति
- GST QRMP स्कीम: PMT-06 पेमेंट में 35% चालान चुनें या सेल्फ-असेसमेंट? ब्याज से बचने का पूरा गणित
- ITR फाइलिंग की डेडलाइन: 31 जुलाई से पहले निपटा लें ये जरूरी काम, वरना होगा नुकसान
- चेन्नई रेल अपडेट: आज रात कई ट्रेनें रद्द, सफर से पहले चेक करें अपना रूट और टाइमिंग