Haryana News: हरियाणा के सोनीपत ज़िले के औद्योगिक मॉडल टाउनशिप खरखौदा में 57 एमएलडी क्षमता का जल उपचार संयंत्र स्थापित किया जाएगा। इसके लिए रविवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की अध्यक्षता में हुई हाई पावर वर्कर्स परचेज कमेटी की बैठक में इस प्रोजेक्ट के डिजाइन, निर्माण और प्रबंधन इत्यादि के लिए लगभग 118 करोड़ रुपए की मंजूरी प्रदान की गई।
इसके अतिरिक्त उच्चाधिकार प्राप्त क्रय समिति, विभागीय उच्चाधिकार प्राप्त क्रय समिति और हाई पावर वर्कर्स परचेज कमेटी की बैठक में कुल 774 करोड़ रुपए से अधिक के कॉन्ट्रेक्ट तथा विभिन्न वस्तुओं की खरीद को मंजूरी दी गई। बैठक में विभिन्न बोलीदाताओं से नेगोसिएशन के बाद दरें तय करके लगभग 30 करोड़ रुपए की बचत की गई है।
बैठक में शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री कमलेश ढांडा और श्रम राज्य मंत्री अनूप धानक भी उपस्थित थे।बैठक में कुल 32 एजेंडे रखे गए और 29 एजेंडों को मंजूरी प्रदान की गई।
बैठक में जिला रेवाड़ी के जाटूसाना में राजकीय कन्या महाविद्यालय के निर्माण हेतु एजेंडे को भी स्वीकृति प्रदान की गई। इस महाविद्यालय के निर्माण पर लगभग 13 करोड़ रुपए की लागत आएगी। कुरुक्षेत्र ज़िले के चम्मू कलां में भी लगभग 14 करोड़ रुपए की लागत से राजकीय कन्या महाविद्यालय के निर्माण के लिए स्वीकृति प्रदान की गयी। इसी तरह शिक्षा के विकास में आधारभूत ढांचा को बढ़ावा देते हुए चरखी दादरी के बौंद कलां और झज्जर के दुजाना में भी राजकीय महाविद्यालयों के निर्माण हेतु स्वीकृति प्रदान की गई। लगभग 28 करोड़ रुपए की लागत से इन दोनों परियोजनाओं का निर्माण किया जाएगा।
जिला भिवानी के लोहारू विधानसभा क्षेत्र में लगभग 22 करोड़ रुपए की लागत से 4 रेलवे अंडर ब्रिज के निर्माण कार्य को भी मंजूरी प्रदान की गई। साथ ही लगभग 21 करोड़ रुपए की लागत से जिला रोहतक में रोहतक-भिवानी से बेरी-कलानौर-महम रोड पर लाहली-कलानौर स्टेशन के बीच 2-लेन रेलवे ओवर ब्रिज के निर्माण को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के तहत लगभग 71 करोड़ रुपए के विकास कार्यों को मंजूरी दी गई। इसमें 22 एमएलडी क्षमता के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण, ओएचएसआर का उन्नयन, सेक्टर 16 पार्ट-1 में बूस्टिंग स्टेशन का निर्माण व उन्नयन से संबंधित कार्य शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण के तहत फरीदाबाद में जलापूर्ति योजना के विस्तार के लिए 97 करोड़ रुपए की लागत से 5 रैनी वेल के निर्माण और 1 बूस्टिंग स्टेशन के लिए मंजूरी प्रदान की गई।
बैठक में लगभग 21 करोड़ रुपए की लागत से फतेहाबाद जिले के जमालपुर शेखां में लेवल क्रॉसिंग सी-6 पर टोहाना-कुलाना-रतिया रोड जाखल-हिसार रेलवे लाइन पर 2-लेन रेलवे ओवर ब्रिज के निर्माण कार्य को स्वीकृति दी गई। इसके अतिरिक्त भिवानी, अंबाला और हिसार जिलों की सड़कों की विशेष मरम्मत एवं सुदृढ़करण सहित ऑपरेशन सर्किल यमुनानगर और पानीपत के अंतर्गत 4 नए 33 केवी के एयर इंसुलेटेड सब-स्टेशन की स्थापना सहित अन्य कार्यों के लिए भी करोड़ों रुपए की मंजूरी प्रदान की गई।
बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वी उमाशंकर, प्रिसिपल एडवाइजर अर्बन डेवलपमेंट डीएस ढेसी, वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अरुण गुप्ता, ऊर्जा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव एके सिंह, बिजली निगमों के चेयरमैन पीके दास, आपूर्ति एवं निपटान विभाग के महानिदेशक मोहम्मद शाइन, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव एवं हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक डॉ अमित अग्रवाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
More Articles
- भारी बारिश का अलर्ट: बाढ़ में डूबी कार को स्टार्ट न करें, क्लेम पाने का सही तरीका जानें
- Manipal Health IPO: ₹9,275 करोड़ का बड़ा दांव, क्या आपको अप्लाई करना चाहिए?
- US Fed का फैसला आज रात: क्या भारतीय बाजार में आएगी बड़ी हलचल? जानें ट्रेडर्स के लिए खास रणनीति
- GST QRMP स्कीम: PMT-06 पेमेंट में 35% चालान चुनें या सेल्फ-असेसमेंट? ब्याज से बचने का पूरा गणित
- ITR फाइलिंग की डेडलाइन: 31 जुलाई से पहले निपटा लें ये जरूरी काम, वरना होगा नुकसान
- चेन्नई रेल अपडेट: आज रात कई ट्रेनें रद्द, सफर से पहले चेक करें अपना रूट और टाइमिंग