दिल्‍ली की शिक्षा मंत्री आतिशी ने गुरुवार को मयूर विहार में स्थित एच जे भवन आईआईटी में एडवांस वेल्डिंग एंड रॉबाटिक लैब (Advanced Welding & Robotics) का उद्घाटन किया। आतिशी ने कहा वेल्डिंग के क्षेत्र में विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त सक्षम कार्यबल तैयार करने के लिए अत्याधुनिक बुनियादी ढांचे के विकास और निर्माण के उद्देश्य से वेल्डिंग प्रौद्योगिकी में उत्कृष्टता केंद्र के रूप में इस लैब की स्थापना की गई है।

Advertisement

आतिशी ने कहा दिल्‍ली के सरकारी संस्थानों में पढ़ने वाले छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना हमेशा शहर सरकार की प्राथमिकता रही है। उन्‍होंने कहा इस वेल्डिंग और रोबोटिक्स लैब में प्रदान किए गए विश्व स्तरीय उपकरण और सुविधाएं यहां पढ़ने वाले छात्रों के लिए कई नए अवसरों के द्वार खोल देंगी।

Advertisement

मंत्री ने कहा मुझे नहीं लगता कि इस लैब में छात्रों को जो सुविधाएं दी जाती हैं, वह निजी कॉलेजों में कहीं भी देखी जा सकती हैं। इस नई लैब में छात्रों को उन उपकरणों पर हाथ आजमाने का मौका मिलेगा जो वर्तमान में उद्योगों में उपयोग किए जा रहे हैं।

दिल्‍ली सरकार की मंत्री ने कहा इन अत्याधुनिक मशीनों के ज़रिए स्किल्ड बनकर हमारे छात्र न केवल 21वीं सदी की नौकरियों के लिए तैयार होंगे; बल्कि देश की अर्थव्यवस्था के तरक़्क़ी का रास्ता भी खोलेंगे। उन्‍होंने कहा दिल्‍ली की केजरीवाल सरकार अपने इन प्रयासों से देश को एक शानदार और स्किल्ड भविष्य दे रही है।