नई दिल्ली। बैंकों का जाल देश में तेजी से बढ़ा है, लेकिन अभी भी सभी जगह बैंकों की सुविधा नहीं पहुंची है। ऐसे में पोस्‍ट ऑफिस में लोग बचत खाता खोल सकते हैं। यहां पर न्‍यूनतम 20 रुपये में बचत खाता खुल जाता है। पोस्‍ट ऑफिस का बचत खाता बिल्‍कुल वैसा ही है, जैसे बैंक का सेविंग अकाउंट होता है। पोस्‍ट ऑफिस में बचत खाते के साथ एटीएम और चेक बुक की भी सुविधा मिलती है। यहां पर सेविंग अकाउंट में 4 फीसदी ब्‍याज मिलता है।

Advertisement

दो तरह के बचत खाते

पोस्‍ट ऑफिस में दो तरह के बचत खाते खुलते हैं। एक बचत खाता 20 रुपये से खुल जाता है। इसमें सिंगल नाम से 1 लाख रुपये तक जमा किया जा सकता है और संयुक्‍त नाम से खुलवाने पर 2 लाख रुपये तक जमा कराया जा सकता है। हालांकि इस बचत खाते के साथ चेक बुक की सुविधा नहीं मिलती है। इस खाते में बाद में 50 रुपये का न्‍यूनतम बैलेंस रखना जरूरी होता है।

दूसरी तरह का बचत खाता

दूसरी तरह का बचत खाता न्‍यूनतम 500 रुपये से खोला जा सकता है। इस सेविंग अकाउंट के साथ चेकबुक सहित एटीएम की भी सुविधा मिलती है। इस खाते में बाद में न्‍यूनतम 500 रुपये का बैलेंस रखना जरूरी होता है।

40,000 रुपये तक के ब्‍याज पर टीडीएस कटौती नहीं

पोस्‍ट ऑफिस बचत खाते में मिलने वाले 40,000 रुपये तक के ब्‍याज पर अब टीडीएस नहीं काटा जाता है। पहले इस टीडीएस की सुविधा 10 हजार रुपये तक थी। सरकार ने इस सुविधा को बढ़ाकर 40 हजार रुपये कर दिया है। इस पोस्‍ट ऑफिस बचत खाते को देश के किसी भी पोस्‍ट ऑफिस में ट्रांसफर भी कराया जा सकता है।

ऐसे खुलता है पोस्ट ऑफिस बचत खाता

पोस्‍ट आफिस में बचत खाता खुलवाने के लिए एक फार्म को भरना होता है। यह फार्म पोस्‍ट ऑफिस के अलावा विभाग की साइट से डाउनलोड भी किया जा सकता है। इस बचत खाते को खोलने के साथ ही केवाईसी की प्रक्रिया पूरी करनी होती है।

पोस्‍ट ऑफिस बचत खाता खोलने के लिए जरूरी कागजात

-आईडी प्रूफ : मतदाता कार्ड, आधार कार्ड, राशन कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, स्कूल / विश्वविद्यालय द्वारा जारी फोटो पहचान पत्र, केंद्र सरकार / राज्य सरकार / पीएसयू द्वारा जारी पहचान पत्र

-पता का प्रमाण : बैंक की पासबुक, पासपोर्ट, राशन कार्ड, बिजली का बिल, फोन का बिल, सैलरी स्लिप, आधार कार्ड
-हाल की पासपोर्ट साइज फोटो और संयुक्त खाते के मामले में सभी संयुक्त खाताधारकों की फोटो

पोस्‍ट ऑफिस बचत खाते के लाभ

-बिना चेकबुक सुविधा वाला बचत खाता केवल 20 रुपये में खोला जा जाता है। न्यूनतम 50 रुपये का बैलेंस ही रखना जरूरी।

-चेकबुक सुविधा वाला खाता 500 रुपये से खुल सकता हैं। बाद में पोस्‍ट ऑफिस बचत खाते में न्‍यूनतम 500 रुपये का बैलेंस रखना ही जरूरी।
-2 या 3 वयस्क एक साथ संयुक्त खाता भी खोल सकते हैं।
-पोस्‍ट ऑफिस बचत खाते को चालू हालत मे रखने के लिए 3 वित्तीय वर्षों में कम-से-कम1 बार लेनदेन करना जरूरी होता है।