नई दिल्ली: आज के समय में इंश्योरेंस की जरूरत बढ़ती जा रही है। फिर चाहे वह जीवन बीमा हो या स्वास्थ्य बीमा ही क्यों न हो। इंश्योरेंस कवर आकस्मिक मृत्यु या बीमारी में व्यक्ति और उसके परिवार के लिए आर्थिक सहारा बनता है। वैसे तो लाइफ इंश्योरेंस या हेल्थ इंश्योरेंस का फायदा लेने के लिए वक्त पर प्रीमियम भरना पड़ता है लेकिन कुछ चीजें या यूं कहें सर्विस ऐसी हैं, जिन पर फ्री जीवन या स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध रहता है। जी हां कई फाइनेंशियल प्रॉडक्ट्स या सरकारी सर्विस हैं जिस पर फ्री में इंश्योरेंस कवर मिलते हैं। ज्यादातर लोगों को इसकी जानकारी ही नहीं होती है। जैसे कि आप जो गैस कनेक्शन लेते हैं, उसपर भी फ्री इंश्योरेंस कवर मिलता है। ऐसे ही कई चीजें हैं जहां कस्टमर्स को लाइफ, टर्म या एक्सीडेंटल इंश्योरेंस कवर बिल्कुल फ्री में हासिल होते हैं। तो चलिए आपको इस बारे में जानकारी दें।
एलपीजी कनेक्शन के साथ ग्राहक को पर्सनल एक्सीडेंट कवर मिलता है। 50 लाख रुपये तक का यह इंश्योरेंस एलपीजी सिलेंडर से गैस लीकेज या ब्लास्ट के चलते दुर्भाग्यवश हादसा होने की स्थिति में आर्थिक मदद के तौर पर है। इसमें रसोई गैस सिलिंडर की वजह से हुए हादसे में जान और माल का नुकसान दोनों कवर होता है। इसके लिए ग्राहक को किसी प्रीमियम का भुगतान नहीं करना होता है। बता दें कि ग्राहक के घर पर एलपीजी हादसा होने पर प्रॉपर्टी/घर को नुकसान पहुंचता है तो प्रति एक्सीडेंट 2 लाख रुपये, हादसे में मौत होने पर प्रति एक्सीडेंट प्रति व्यक्ति 6 लाख रुपये और घायल होने पर मेडिकल खर्च के लिए प्रति एक्सीडेंट 30 लाख रुपये का मुआवजा मिलता है, जो प्रति व्यक्ति 2 लाख रुपये तक होता है। इसके साथ ही प्रति व्यक्ति 25000 रुपये तक की तुरंत राहत सहायता भी है।
फ्री इंश्योरेंस आपको मोबाइल फोन रीचार्ज पर भी मिलता है। हालांकि यह अभी भारत में लिमिटेड है। एयरटेल अपने चुनिंदा रीचार्ज प्लान पर ग्राहकों को फ्री इंश्योरेंस कवर मिलता है। जानकारी दें कि एयरटेल 279 रुपए के प्लान पर 4 लाख रुपए और 179 रुपए के प्लान पर 2 लाख रुपए का टर्म इंश्योरेंस कवर देती है।
आप नौकरी करते हैं तो जाहिर है आपका ईपीएफ अकाउंट होगा। जानकारी दें कि इस अकाउंट पर भी फ्री इंश्योरेंस कवर मिलता है। ईपीएफ 2.5 लाख रुपए से लेकर 6 लाख रुपए तक का लाइफ इंश्योरेंस कवर देता है। इसे नॉमिनी की तरफ से कर्मचारी की बीमारी, एक्सीडेंट या नेचुरल डेथ होने पर क्लेम किया जा सकता है।
अगर आपके पास किसी भी बैंक का रुपे कार्ड है तो उसपर भी आपको 2 लाख रुपये तक का पर्सनल एक्सीडेंट इंश्योरेंस और परमानेंट टोटल डिसएबिलिटी कवर फ्री में मिलता है। लेकिन हादसे से पहले 45 से 90 दिन पहले तक कार्ड से ट्रांजेक्शन किया होना चाहिए।
वहीं जनधन योजना के तहत खुले बैंक खाते के साथ मिलने वाले रूपे डेबिट कार्ड पर 30 हजार रुपये का जीवन बीमा और दो लाख रुपये का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कवर मिलता है। जीवन बीमा अमाउंट का भुगतान खाताधारक की मृत्यु के बाद उसके परिवार को होता है। वहीं दुर्घटना बीमा का क्लेम तभी मिलेगा जब रूपे कार्डधारक ने किसी भी बैंक शाखा, बैंक मित्र, एटीएम, पीओएस, ई-कॉम आदि चैनल पर कम से कम एक सफल वित्तीय अथवा गैर- वित्तीय लेनदेन या तो अपने स्वयं के बैंक (उसी बैंक चैनल पर लेनदेन करने वाले बैंक ग्राहक/रुपे कार्ड धारक) और/अथवा किसी दूसरे बैंक (अन्य बैंक चैनल पर लेनदेन करने वाले बैंक ग्राहक/रूपे कार्डधारक) के माध्यम से दुर्घटना की तारीख से पूर्व 90 दिन के भीतर किया हो।
More Articles
- भारी बारिश का अलर्ट: बाढ़ में डूबी कार को स्टार्ट न करें, क्लेम पाने का सही तरीका जानें
- Manipal Health IPO: ₹9,275 करोड़ का बड़ा दांव, क्या आपको अप्लाई करना चाहिए?
- ITR फाइल करने का आज आखिरी मौका: क्या आज के बाद लगेगा जुर्माना? जानें बचने का तरीका
- US Fed का फैसला आज रात: क्या भारतीय बाजार में आएगी बड़ी हलचल? जानें ट्रेडर्स के लिए खास रणनीति
- GST QRMP स्कीम: PMT-06 पेमेंट में 35% चालान चुनें या सेल्फ-असेसमेंट? ब्याज से बचने का पूरा गणित
- ITR फाइलिंग की डेडलाइन: 31 जुलाई से पहले निपटा लें ये जरूरी काम, वरना होगा नुकसान