नई दिल्‍ली: कोरोना के कारण ऑटो सेक्टर पर काफी बुरा असर पड़ा है। ऐसे में ऑटोमोबाइल कंपनियां ग्राहकों को लुभाने के ल‍िए तरह-तरह का ऑफर दे रही हैं। इसी कड़ी में टाटा मोटर्स ने अपनी गाड़ियों की बिक्री बढ़ाने के लिए खास स्कीम लॉन्च की है। भारतीय कंपनी टाटा मोटर्स लॉकडाउन के बाद अपने कारोबार को बढ़ाने के लिए कई शानदार ऑफर्स कस्टमर्स को दे रही है।

Advertisement

अब टाटा मोटर्स की नेक्सॉन एसयूवी के इलेक्ट्रिक वेरिएंट को किराए पर लेकर चलाया जा सकता है। टाटा मोटर्स ने अपने इलेक्ट्रिक कार नेक्सन इलेक्ट्रिक व्हीकल के लिए अपनी तरह का पहला सब्सक्रिप्शन प्लान शुरू करने का एलान किया है। कंपनी का कहना है कि नए सब्सक्रिप्शन मॉडल को इलेक्ट्रिक कारों को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंच सके। बता दें कि अपने लेटेस्ट प्लान के लिए टाटा ने (ओरिक्स ऑटो इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड) के साथ साझेदारी की है।

Advertisement

टाटा मोटर्स के क्या है प्लान

टाटा मोटर्स अपनी फ्लैगशिप इलेक्ट्रिक व्हीकल टाटा नेक्सन को महज 41,900 रुपये हर महीने के किराये पर उपलब्ध करा रही है। इसके अलावा ग्राहक को कोई अन्य शुल्क नहीं देना होगा। इसके साथ ही ग्राहक इस प्लान के तहत अपनी जरूरतों के मुताबिक सब्सक्रिप्शन को 18 महीने से 24 महीने या 36 महीने की अविध के लिए चुन सकते हैं। सब्सक्रिप्शन खत्म होने के बाद, ग्राहक या तो अपने प्लान को बढ़ा सकते हैं या कंपनी को गाड़ी वापस कर सकते हैं। 

इन शहरों में प्लान उपलब्ध

आपको बता दें कि टाटा मोटर्स अपने इस अनोखे प्लान को फिलहाल सिर्फ 5 प्रमुख शहरों में उपलब्ध करा रहा है। इसमें दिल्ली / एनसीआर, मुंबई, पुणे, हैदराबाद और बंगलूरू शामिल हैं। 
प्लान की अवधि मासिक सब्सक्रिप्शन रेट (टैक्स सहित)
36 महीने 41,900 रुपये
24 महीने 44,900 रुपये
18 महीने 47,900 रुपये

टाटा मोटर्स में पैसेंजर व्हीकल बिजनेस यूनिट के अध्यक्ष ने कहा कि इलेक्ट्रिक व्हीकल भविष्य हैं, और इस तेजी से बढ़ते सेगमेंट के लीडर के रूप में, टाटा मोटर्स इनकी पहुंच और उपयोग को भारत में लोकप्रिय बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस सब्सक्रिप्शन मॉडल के साथ, हम इलेक्ट्रिक व्हीकल के इच्छुक उपयोगकर्ताओं के लिए इनके असीमित फायदों का अनुभव करने के लिए इसे और अधिक सुविधाजनक बना रहे हैं। यह साझा अर्थव्यवस्था के तेजी से बढ़ते युग में यह मॉडल 'ओनरशिप' की बजाए 'यूजरशिप' को तवज्जो देने वाले ग्राहकों के लिए आदर्श है। कंपनी का कहना है कि नया सब्सक्रिप्शन मॉडल कॉर्पोरेट्स के लिए कस्टमाइज्ड और पूरी तरह से अनुकूल है, जो लीज पर लेना पसंद करते हैं। इसके अलावा एक निश्चित कार्यकाल में काम करने वाले प्रवासियों, और अक्सर शहर बदलकर नौकरी करने वाले लोगों के लिए भी यह प्लान बहुत फायदेमंद साबित होगा। 

टाटा नेक्सन ईवी की खूबियां
  • टाटा की यह कार एक बार फुल चार्ज होने पर 312 किलोमीटर चल सकती है।
  • इसमें 30.2 kWh की लिथियम आयन बैटरी है।
  • इसकी बैटरी 8 घंटे में फुल चार्ज हो जाती है।
  • जबकि फास्ट चार्जर के जरिए 60 मिनट में 80 फीसदी बैटरी चार्ज हो जाती है।
  • वहीं अगर स्पीड की बात करें तो यह ईवी सिर्फ 9.9 सेकेंड में 0-100 km की स्पीड पकड़ सकती है।
  • टाटा नेक्सन ईवी की दिल्ली में एक्स-शोरूम कीमत 13.99 लाख रुपये है, जबकि ऑन रोड प्राइस करीब 15,63,997 रुपये है।
  • वहीं टॉप वेरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत 15.99 लाख रुपये है।
  • मारुति अब किराए पर देगी नई कार

    अगर आप कोरोनावायरस महामारी में ट्रैवेल करने के लिए कार लीज पर लेना चाहते हैं तो देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया आपके लिए एक्‍सक्‍लूसिव ऑफर लाई है। कंपनी कार को ल‍ीज पर दे रही है। कंपनी ने इसे मारुति सुजुकी सब्‍सक्राइब ब्रांड नाम से पेश किया है। मारुति के मुताबिक शुरुआत में पायलट प्रोजेक्‍ट के तहत कंपनी ने गुरुग्राम और बेंगलुरु में इस सेवा की शुरुआत की है। इसके तहत वह स्विफ्ट, डिजायर, विटारा ब्रेज़ा और अर्टिगा को मारुति सुज़ुकी एरिना के जरिए और बलेनो, सियाज और एक्सएल को नेक्‍सा से किराये पर देगी। इस सेवा के लिए उसने ओरिक्स ऑटो इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विस लिमिटेड के साथ गठजोड़ किया है। यह जापान की ओरिक्स कॉरपोरेशन की सिस्‍टर कंपनी है जो भारत में इस सेवा का परिचालन करेगी। कोविड-19 संकट के दौरान कारों की बिक्री बढ़ाने और ग्राहकों को ज्यादा से ज्यादा आकर्षित करने के लिए वाहन कंपनियां नए-नए तरीके खोज रही हैं।