नयी दिल्ली। अब आधार के साथ साथ पैन भी बहुत सारी सेवाओं के लिए जरूरी हो गया है। मगर देश में बहुत लोगों के पास अभी भी पैन नहीं है। अगर आप भी ऐसे लोगों में शामिल हैं तो टेंशन न लें। सरकार ने एक नयी सुविधा शुरू की है, जिसके तहत अगर आपके पास आधार है तो आपको तुरंत पैन नंबर जारी किया जाएगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आधार आधारित ई-केवाईसी (वास्तविक समय के आधार पर) के माध्यम से फौरन पैन नंबर जारी करने की सुविधा को औपचारिक रूप से शुरू कर दिया है। आयकर विभाग ने जानकारी दी है कि तत्काल पैन के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया बहुत सरल है। पैन को तुरंत जनरेट करने के लिए आप आयकर विभाग की ई-फाइलिंग वेबसाइट पर जा सकते हैं। आइये जानते हैं पूरा प्रोसेस।
आयकर विभाग के मुताबिक तत्काल पैन के लिए आवेदन करने का प्रोसेस बेहद आसान है। आपको आयकर विभाग की ई-फाइलिंग वेबसाइट पर जाना है। वहां आपको अपना वैध आधार नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद एक ओटीपी जनरेट होगा जो आपके आधार के साथ रजिस्टर नंबर पर भेजा जाएगा। इस प्रक्रिया के पूरा होने पर 15 अंकों का पावती नंबर जनरेट होगा। आप अपनी रिक्वेस्ट का स्टेटस किसी भी समय वैध आधार नंबर के जरिए चेक कर सकते हैं। एक बार आवंटित होने के बाद आप ई-पैन को डाउनलोड कर सकते हैं। अगर आपकी ईमेल आईडी आधार के साथ रजिस्टर है तो ई-पैन आवेदक के ई-मेल पर भेजा जाएगा।
वित्त मंत्री ने केंद्रीय बजट 2020 में तत्काल पैन सुविधा की घोषणा की थी। वित्त मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि तत्काल पैन की सुविधा अब उन आवेदकों के लिए उपलब्ध होगी जिनके पास वैध आधार नंबर और उनके आधार के साथ मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड है। पैन आवंटन प्रोसेस पूरी तरह कागज रहित है। इस प्रोसेस में आपको एक इलेक्ट्रॉनिक पैन (ई-पैन) मुफ्त में जारी किया जाएगा। आयकर विभाग की ई-फाइलिंग वेबसाइट पर 12 फरवरी 2020 को ट्रायल के लिए तत्काल पैन सुविधा का बीटा वर्जन शुरू किया गया था। टैक्स डिपार्टमेंट ने कहा कि तब से 6,77,680 तत्काल पैन आवंटित किए गए हैं।
केंद्रीय बजट 2020 में सीतारमण ने इंस्टैंट पैन सुविधा शुरू करने की घोषणा की थी। उन्होंने अपने भाषण में कहा था कि पिछले बजट में, मैंने पैन और आधार की इंटरचेंजेबिलिटी की शुरुआत की थी जिसके लिए आवश्यक नियमों को पहले ही अधिसूचित कर दिया गया था। पैन के आवंटन के प्रोसेस को और आसान बनाने के लिए, जल्द ही हम एक सिस्टम शुरू करेंगे जिसके तहत विस्तृत आवेदन पत्र भरे बिना आधार के बेसिस पर तुरंत ऑनलाइन पैन आवंटित किया जाएगा।
More Articles
- भारी बारिश का अलर्ट: बाढ़ में डूबी कार को स्टार्ट न करें, क्लेम पाने का सही तरीका जानें
- Manipal Health IPO: ₹9,275 करोड़ का बड़ा दांव, क्या आपको अप्लाई करना चाहिए?
- ITR फाइल करने का आज आखिरी मौका: क्या आज के बाद लगेगा जुर्माना? जानें बचने का तरीका
- US Fed का फैसला आज रात: क्या भारतीय बाजार में आएगी बड़ी हलचल? जानें ट्रेडर्स के लिए खास रणनीति
- GST QRMP स्कीम: PMT-06 पेमेंट में 35% चालान चुनें या सेल्फ-असेसमेंट? ब्याज से बचने का पूरा गणित
- ITR फाइलिंग की डेडलाइन: 31 जुलाई से पहले निपटा लें ये जरूरी काम, वरना होगा नुकसान