नयी दिल्ली। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (आईआरसीटीसी) यात्रियों को वेबसाइट या ऐप के जरिए ऑनलाइन ट्रेन टिकट बुक करने की सुविधा देती है। टिकट बुक करने वालों को वेटिंग (WL), आरएसी (किसी का टिकट कैंसिल होगा तब आपको पूरी सीट दी जाएगी) और कन्फर्म (फुल बर्थ) का स्टेटस मिलता है। टिकट सफलतापूर्वक बुक होने पर पीएनआर (यात्री नाम रिकॉर्ड), टिकट स्टेटस और किराए की डिटेल ग्राहक को एसएमएस के माध्यम से भेजी जाती है। आईआरसीटीसी वेबसाइट या ऐप के माध्यम से कोई व्यक्ति महीने में अधिकतम छह टिकट बुक कर सकता है। हालांकि पर्सनल यूजर्स 12 टिकट तक बुक कर सकते हैं। पर इसके लिए आपका आधार आईआरसीटीसी से लिंक होना चाहिए।

Advertisement

आधार नंबर वेरिफाई करना जरूरी

आईआरसीटीसी के अनुसार आधार कार्ड नंबर को वेरिफाई करने के बाद एक यूजर आईआरसीटीसी ई-टिकटिंग वेबसाइट से 12 ट्रेन टिकट तक बुक कर सकता है। यानी इस सुविधा का लाभ आपको आईआरसीटीसी अकाउंट से अपना आधार लिंक करना होगा। इस खबर में आगे हम आपको आईआरसीटीसी अकाउंट से आधार लिंक करने का पूरा प्रोसेस बताएंगे।

आधार कार्ड नंबर को आईआरसीटीसी अकाउंट से ऐसे लिंक करें

आईआरसीटीसी की वेबसाइट irctc.co.in पर जाएं। वहां आपको यूजर आईडी और पासवर्ड दर्ज करना होगा। इसके बाद माय प्रोफाइल टैब में आधार केवाईसी पर क्लिक करें। इस जगह पर आधार नंबर दर्ज करने के बाद रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर ओटीपी भेजा जाएगा। ओटीपी दर्ज करने के बाद वेरिफाई ऑप्शन पर क्लिक करें। इसके बाद सबमिट पर क्लिक करने से पहले आधार नंबर को वेरिफाई करें। अब जानते हैं कि यात्रियों को आधार नंबर से जोड़ने का तरीका।

यात्रियों को आधार नंबर के साथ ऐसे कनेक्ट करें

सबसे पहले आपको आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर जाना होगा। फिर यूजरनेम और पासवर्ड दर्ज करना होगा। इसके बाद प्रोफाइल सेक्शन में 'मास्टर लिस्ट' पर क्लिक करें। नए यात्रियों की डिटेल जैसे कि आधार नंबर, लिंग, जन्म तिथि, जो आधार कार्ड पर है, दर्ज करें। इसे सबमिट करें। वेरिफिकेशन के बाद आपको वेरिफाइड लिखा हुआ दिखाई देगा।

क्या होते हैं फायदे

आधार को अपने आईआरसीटीसी अकाउंट से लिंक करने से ऑनलाइन टिकट बुकिंग में आसानी होती है। इन्हें लिंक करने का सबसे अहम फायदा है कि आप एक महीने में आईआरसीटीसी लॉगइन आईडी से 12 ई-टिकट तक बुक कर सकते हैं। यदि आपका खाता आधार से लिंक नहीं तो 6 ई-टिकट तक बुक किए जा सकते हैं। यदि आपका आधार लिंक होगा तो आपको ई-टिकट बुकिंग में आसानी होगी, क्योंकि खाता पहले से ही वेरिफाइड होगा। हालांकि ये कोई अनिवार्य प्रोसेस नहीं है। लेकिन अगर आप इसे लिंक कर लें तो आप एक्स्ट्रा बेनेफिट का फायदे उठाने के पात्र होंगे।