नयी दिल्ली। आज के जमाने में लोन मिलने के लिए सबसे जरूरी चीज है क्रेडिट स्कोर। जितना अच्छा आपका क्रेडिट स्कोर होगा आपको उतनी ही आसानी से लोन मिलेगा और उतनी ही बेहतर डील भी मिलेगी। मगर यदि आपका क्रेडिट स्कोर खराब हो जाए तो आपको लोन मिलने में काफी दिक्कत होगी। हो सकता है कि आपकी लोन अर्जी खारिज कर दी जाए या आपको लोन मिले भी तो काफी ऊंची ब्याज दर पर। क्रेडिट स्कोर आज के समय में लोन के मामले में किसी गारंटी से कम नहीं है। मगर यदि किसी वजह से आपका क्रेडिट स्कोर खराब हो जाए तो फिक्र की कोई बात नहीं है। हम आपको बताएंगे वो खास तरीके जिनसे आप अपना क्रेडिट स्कोर एक बार फिर से सुधार सकते हैं। इससे आपको लोन मिलने में कोई दिक्कत नहीं आएगी और न ही आपको खराब क्रेडिट स्कोर की वजह से अधिक ब्याज चुकाना होगा। तो आइए जानते हैं कि क्या हैं वो खास तरीके।
अगर आप अपना क्रेडिट स्कोर सुधारना चाहते हैं तो आपके लिए जरूरी है कि आप अपनी क्रेडिट कार्ड पेमेंट और मासिक ईएमआई का भुगतान हमेशा सही समय पर करें। खास कर मौजूदा लोन या पेमेंट को समय पर चुकाने से इसमें जल्दी सुधार की गुंजाइश होगी। क्रेडिट स्कोर बेहतर करने के लिए बकाया का भुगतान समय पर जरूरी है। इसी से आपका क्रेडिट स्कोर हमेशा अच्छी स्थिति में रहेगा।
सीयूआर यानी क्रेडिट यूटिलाइजेशन रेशियो को कम रखना जरूरी है। सीयूआर को 20 से 30 फीसदी रखना बेहतर माना जाता है। उदाहरण के लिए आपके क्रेडिट कार्ड की लिमिट 2 लाख रुपये है, मगर आप सिर्फ 40000 रु ही खर्च करते हैं तो आपका सीयूआर 20 फीसदी होगा। इसका मतलब है कि आपको अपने क्रेडिट कार्ड की जरूरत कम पड़ती है।
अगर क्रेडिट लाइन पुरानी है तो क्रेडिट स्कोर बेहतर होगा। यदि आप समय पर ईएमआई चुकाते हैं तो आपको क्रेडिट लाइन लंबी रखनी चाहिए। उदाहरण के लिए अगर कोई लंबी अवधि से क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर रहा है या आपका कोई लोन कई साल पुराना है तो यह आपके क्रेडिट स्कोर के लिए अच्छा है। मगर यहां शर्त समय पर पेमेंट करने की है।
लोन को समय से पहले चुकाना अच्छा माना जाता है। लेकिन कभी भी सेटलमेंट ऑप्शन न चुनें। अगर आप ये विकल्प चुनते हैं तो इससे लंबे समय तक आपका क्रेडिट स्कोर प्रभावित होगा। अगर आपके पास पैसे जुटाने का कोई ऑप्शन न बचे तो ही इस विकल्प को चुनें। इस ऑप्शन में बैंक यानी कर्जदाता आपसे बकाया भुगतान कर लोन को बंद करने का ऑफर पेश करता है।
क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने वालों और किसी भी तरह का लोन लेने वालों को बीच-बीच में अपनी क्रेडिट रिपोर्ट चेक करते रहना चाहिए। इससे आप क्रेडिट स्कोर के बिगड़ने का कारण जान पाएंगे और समय रहते ही उसे ठीक कर सकेंगे।
More Articles
- भारी बारिश का अलर्ट: बाढ़ में डूबी कार को स्टार्ट न करें, क्लेम पाने का सही तरीका जानें
- Manipal Health IPO: ₹9,275 करोड़ का बड़ा दांव, क्या आपको अप्लाई करना चाहिए?
- ITR फाइल करने का आज आखिरी मौका: क्या आज के बाद लगेगा जुर्माना? जानें बचने का तरीका
- US Fed का फैसला आज रात: क्या भारतीय बाजार में आएगी बड़ी हलचल? जानें ट्रेडर्स के लिए खास रणनीति
- GST QRMP स्कीम: PMT-06 पेमेंट में 35% चालान चुनें या सेल्फ-असेसमेंट? ब्याज से बचने का पूरा गणित
- ITR फाइलिंग की डेडलाइन: 31 जुलाई से पहले निपटा लें ये जरूरी काम, वरना होगा नुकसान